देशभर में 1 जुलाई से LPG, आधार, दिल्ली EV पॉलिसी,

देशभर में 1 जुलाई से बदलेंगे 7 बड़े नियम, कौन सा बदलाव आपकी जेब पर डालेगा सबसे ज्यादा असर

Rule Changes In India

देश में 1 जुलाई से कई ऐसे नियम लागू होने जा रहे हैं। इसका असर सीधे आम लोगों के खर्च, यात्रा, बैंकिंग और रोजमर्रा की सुविधाओं पर दिखाई देगा। रसोई गैस से लेकर आधार अपडेट, इलेक्ट्रिक वाहन नीति और क्रेडिट कार्ड तक कई बदलाव एक साथ लागू होंगे। दरअसल, हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी कई वित्तीय और प्रशासनिक नियम बदल रहे हैं। इनमें कुछ बदलाव राहत देने वाले हैं, जबकि कुछ ऐसे भी हैं जिनसे लोगों का मासिक बजट प्रभावित हो सकता है। ऐसे में नए नियमों की जानकारी पहले से होना जरूरी है।

LPG से जुड़े तीन बड़े बदलाव

बता दें कि 1 जुलाई को सबसे ज्यादा नजर एलपीजी सिलेंडर की कीमतों पर रहेगी। तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को नए रेट जारी करती हैं। पिछले महीने कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ था। हालांकि उस समय घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं किया गया था। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में सुधार के बाद इस बार कीमतों में राहत की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए e-KYC पूरा करना अनिवार्य हो गया है। तय समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर गैस कनेक्शन प्रभावित हो सकता है। वहीं सिलेंडर री-बुकिंग के अंतराल में भी बदलाव की संभावना है, जिससे ग्राहकों को पहले की तुलना में जल्दी बुकिंग का लाभ मिल सकता है।

हवाई यात्रा और आधार यूजर्स के लिए नया अपडेट

तेल कंपनियां हर महीने एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों की भी समीक्षा करती हैं। इसमें बदलाव होने पर एयरलाइंस की लागत प्रभावित होती है और इसका असर हवाई किराए पर भी पड़ सकता है। दूसरी ओर आधार कार्ड धारकों के लिए राहत की खबर है। 1 जुलाई से आधार में ईमेल आईडी अपडेट कराने की सुविधा छह महीने तक बिना शुल्क उपलब्ध रहेगी। पहले इस सेवा के लिए 75 रुपये देने पड़ते थे।

दिल्ली में नई EV पॉलिसी लागू

दिल्ली सरकार ने नई इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी को मंजूरी दे दी है, जिसे 1 जुलाई से लागू किया जा सकता है। सरकार अगले चार वर्षों में करीब 15 हजार करोड़ रुपये खर्च कर ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेगी। नई नीति के तहत शुद्ध इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर 100 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन टैक्स में छूट मिलेगी। यह पॉलिसी 31 मार्च 2030 तक प्रभावी रहने का प्रस्ताव है।

कार खरीदने वालों का बढ़ सकता है खर्च

जुलाई की शुरुआत ऑटो सेक्टर में भी बदलाव लेकर आ रही है। KIA ने अपनी कारों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का ऐलान किया है। वहीं टाटा मोटर्स भी अपने पेट्रोल-डीजल और इलेक्ट्रिक मॉडल्स की कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक इजाफा करने की तैयारी में है। ऐसे में नई कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को पहले से अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।

HDFC कार्डधारकों के लिए नई शर्त

एचडीएफसी बैंक के Regalia Gold Credit Card यूजर्स के लिए एयरपोर्ट लाउंज सुविधा का नियम बदल रहा है। अब अगले तिमाही में मुफ्त घरेलू एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस पाने के लिए पिछली तिमाही में कम से कम 60 हजार रुपये का खर्च करना जरूरी होगा।  निर्धारित खर्च पूरा नहीं करने वाले ग्राहकों को यह सुविधा नहीं मिलेगी।

बैंक जाने से पहले छुट्टियों की सूची देख लें

जुलाई में विभिन्न राज्यों में त्योहारों और स्थानीय आयोजनों के कारण बैंक कुल 12 दिन बंद रहेंगे। इनमें दूसरे और चौथे शनिवार के साथ रविवार की नियमित छुट्टियां भी शामिल हैं। ऐसे में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम हो तो भारतीय रिजर्व बैंक की छुट्टियों की सूची देखकर ही शाखा जाने की योजना बनाना बेहतर रहेगा।