रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में स्थित संघ कार्याल

रांची में संघ कार्यालय पर फेंका गया पेट्रोल बम

रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दो अपराधियों ने सॉस की बोतलों में पेट्रोल भरकर उन्हें संघ कार्यालय के अंदर फेंकने की कोशिश की। दोनों बोतलें बाउंड्री के ठीक पहले गिर गईं, इसलिए बड़ी अनहोनी टल गई।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हमलावर

नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में दो युवक शामिल हैं। जांच में एफएसएल सहित कई टीमों को लगाया गया है। हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में दो हमलावर पेट्रोल से भरी बोतलें संघ कार्यालय पर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। पहली बोतल फेंकते समय आग लगी हुई सुतली जमीन पर गिर गई। इस वजह से उनका प्रयास निष्फल हो गया। दूसरी बोतल भी कार्यालय के पास तक नहीं पहुंच सकी।उन्होंने बताया कि पेट्रोल बम तैयार करने में चिली सॉस की बोतलों का प्रयोग किया गया था।

संदेह के घेरे में हैं होटल के कर्मचारी

स्थानीय लोगों का कहना है कि चर्चा है कि संघ कार्यालय के पास स्थित एक होटल के कुछ कर्मचारी पूरे मामले में संदिग्ध हैं। कुछ दिन पहले संघ कार्यालय के कुछ लोगों ने गंदगी और अन्य कारणों से होटल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। इसी के बाद से यह विवाद चला आ रहा था।पुलिस को भी आशंका है कि इस हमले में होटल के कर्मचारियों का हाथ हो सकता है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।