राहुल गांधी के ‘गद्दार’ बयान पर भाजपा ने तीखा पलटव

राहुल के ‘गद्दार’ बयान पर BJP का हमला, नितिन नवीन बोले- भारतीय राजनीति के राहु बन चुके हैं

Indian Politics News

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के रायबरेली दौरे में दिए गए ‘गद्दार’ बयान ने देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। RSS और भाजपा नेतृत्व को निशाने पर लेने वाले राहुल के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने एकजुट होकर जवाबी हमला शुरू कर दिया।  भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वे भारतीय राजनीति के ‘राहु’ बन चुके हैं और लगातार देश की राजनीति को दूषित करने का काम कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने रायबरेली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संघ के साथ ही पीएम मोदी और गृहमंत्री के लिए आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग किया। इतना ही नहीं उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश को बेचने का काम किया है।

नितिन नवीन बोले- हार की निराशा अब बयान में दिख रही

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में आपसी सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादा की परंपरा रही है, लेकिन राहुल गांधी लगातार उस स्तर को गिरा रहे हैं। भाजपा नेता के मुताबिक लगातार चुनावी हार की निराशा अब राहुल के व्यवहार और भाषा में साफ दिखाई देने लगी है। नितिन नवीन ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या आतंकवाद और नक्सलवाद पर कार्रवाई करना गद्दारी है? क्या देश की सीमाओं को सुरक्षित रखना गद्दारी है? क्या दुनिया में तिरंगे का सम्मान बढ़ाना गद्दारी है?

राहुल ने आर्थिक संकट और मोदी सरकार पर साधा निशाना

रायबरेली और अमेठी दौरे के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक संकट गहराता जा रहा है, छोटे कारोबार बंद हो रहे हैं और सरकार गंभीर मुद्दों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी को टॉफी खिलाकर रील बनाई जा रही हैं, जबकि देश का आम आदमी परेशान है। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी लिखा कि आर्थिक तूफान सिर पर खड़ा है। लेकिन प्रधानमंत्री विदेशों में ‘टॉफी बांटने’ में व्यस्त हैं।

फडणवीस से लेकर गिरिराज तक, BJP नेताओं ने घेरा

राहुल गांधी के बयान के बाद भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आईं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी को “रिजेक्टेड माल” बताया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सत्ता नहीं मिलने की निराशा में राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी नहीं, बल्कि पूरे देश का अपमान कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ अपशब्द बोलकर कांग्रेस अपनी डूबती राजनीति को बचा नहीं सकती।

रायबरेली की राजनीति फिर गर्म, विपक्ष-सरकार आमने-सामने

राहुल गांधी का यह दौरा लोकसभा चुनाव 2024 के बाद रायबरेली का सातवां दौरा था। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल विकास के मुद्दों के बजाय सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी को “कन्फ्यूज नेता” बताते हुए कहा कि रायबरेली की जनता अब उनकी राजनीति को समझ चुकी है।

राजनीतिक जानकार मानते हैं कि लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी वैचारिक लड़ाई और तेज होती दिख रही है। राहुल गांधी के आक्रामक तेवर और भाजपा की जवाबी रणनीति आने वाले महीनों में राज्य की राजनीति को और गरमा सकती है।