पत्नी को लेने सुसराल आया युवक, साले ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, बीच बचाव में भाभी की भी मौत
पंजाब के तरनतारन जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। अपनी पत्नी को मायके से वापस लाने पहुंचे युवक की कथित तौर पर उसके साले ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवक को बचाने की कोशिश में बीच-बचाव करने आई आरोपी की भाभी भी आग की चपेट में आ गई। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद दिखाई दे रही है।
9 महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी को मनाने पहुंचा था युवक
पुलिस के अनुसार, यह घटना 13 जून को तरनतारन के गांव संघा में हुई। अमृतसर के गांव लोपोके निवासी लवप्रीत सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर को मनाकर ससुराल लाने के लिए उसके मायके पहुंचा था। दोनों की शादी करीब नौ महीने पहले हुई थी। पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी मायके में रह रही थी।
बहस के बाद पेट्रोल डालकर लगाई आग
ससुराल पहुंचने पर लवप्रीत की ससुराल पक्ष से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर साला साजन सिंह पेट्रोल की बोतल लेकर आया और उसने अपने जीजा पर पेट्रोल डाल दिया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी भाभी गुरजीत कौर पर भी पेट्रोल गिर गया। इसके बाद आरोपी ने लाइटर से आग लगा दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
आग बुझाने नाली में कूदा, लेकिन नहीं बच सकी जान
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि आग लगने के बाद लवप्रीत अपनी जान बचाने के लिए दौड़ता है और पास की नाली में कूद जाता है। हालांकि नाली में पर्याप्त पानी नहीं होने के कारण आग नहीं बुझ सकी। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी भी झुलसा, मौके पर मौजूद लोगों ने बचाया
वारदात के दौरान आरोपी साजन सिंह भी आग की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कपड़े से आग बुझाकर उसे बचाया। उपचार के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
करीब एक मिनट के सीसीटीवी फुटेज में पहले जीजा और साले के बीच कहासुनी और हाथापाई दिखाई देती है। इसके बाद आरोपी पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगाता नजर आता है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया
सदर थाना पुलिस ने आरोपी साजन सिंह के खिलाफ दोहरी हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि लवप्रीत करीब 92 प्रतिशत तक झुलस गया था। मामले की जांच जारी है।