महाराष्ट्र में जनगणना ड्यूटी से इनकार, 3 शिक्षकों पर FIR दर्ज
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के दौंड क्षेत्र में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त किए गए तीन शिक्षकों के खिलाफ ड्यूटी से कथित रूप से इनकार करने पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में दो महिला शिक्षक भी शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, जनगणना संबंधी कार्य के लिए सरकारी आदेश जारी किए गए थे और संबंधित शिक्षकों को निर्धारित जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बावजूद तीनों शिक्षक कथित रूप से कार्य से अनुपस्थित रहे और उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन नहीं किया।
अधिकारियों का कहना है कि जनगणना राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य है, जिसमें नियुक्त कर्मचारियों का सहयोग अनिवार्य होता है। निर्देशों का पालन नहीं करने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में तीनों शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
मामले की जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।