राजस्थान और छत्तीसगढ़ में तापमान 40°C पार पहुंचने

देश में बढ़ने लगी गर्मी की तपिश, राजस्थान-छत्तीसगढ़ में 40°C के पार जाएगा पारा, कई राज्यों में मौसम का बड़ा अपडेट

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में तापमान में तेज बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों के भीतर अधिकतम तापमान 40°C के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं, कई इलाकों में लू जैसी स्थिति बनने के संकेत भी मिल रहे हैं। 

राजस्थान में गर्मी का असर तेज

राजस्थान के बाड़मेर में शुक्रवार को तापमान 37.5°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर सहित कई जिलों में तापमान 40°C तक पहुंच सकता है। कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाने की संभावना है, लेकिन बारिश के आसार कम हैं।

छत्तीसगढ़ में हीटवेव की स्थिति संभव

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में तापमान 42°C से अधिक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने यहां हीटवेव की स्थिति बनने की चेतावनी दी है। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ा पारा

मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश के बाद मौसम साफ होते ही गर्मी बढ़ने लगी है। शुक्रवार को राज्य के कई शहरों में दिन के तापमान में 1°C से 5.4°C तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रतलाम में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई। हालांकि, फिलहाल राज्य में हीटवेव का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 

आंध्र प्रदेश में 5 दिन तूफान का अलर्ट

आंध्र प्रदेश में अगले 5 दिनों तक समुद्री तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर से दक्षिण तक फैली ट्रफ लाइन का असर तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना तक भी देखा जा सकता है। 

मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 अप्रैल को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तापमान 6–8°C तक बढ़ सकता है। बिहार और छत्तीसगढ़ में भी तापमान में तेजी से वृद्धि का अनुमान है। अधिकतर राज्यों में मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है।