LPG जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई: 12 हजार छापों में 15 हजार सिलेंडर जब्त, सरकार बोली- सप्लाई में कोई कमी नहीं
नई दिल्ली। मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच भारत में एलपीजी गैस की कमी की खबरों ने उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ा दी है। हालांकि केंद्र सरकार ने साफ किया है कि देश में गैस की सप्लाई पर्याप्त है औ र जमाखोरी पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। केंद्र सरकार ने एलपीजी गैस की जमाखोरी रोकने के लिए देशभर में बड़ा अभियान चलाया है। सरकार के अनुसार 12,000 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 15,000 से ज्यादा सिलेंडर जब्त किए गए।पेट्रोलियम मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अफवाहों और कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिशों पर लगाम लगाने के लिए की गई है।
सप्लाई को लेकर सरकार का दावा
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव Sujata Sharma ने कहा कि बढ़ती मांग के बावजूद देश में एलपीजी की उपलब्धता पर्याप्त बनी हुई है।उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में घबराहट के कारण एक ही दिन में करीब 70,000 बुकिंग दर्ज की गईं। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अनावश्यक बुकिंग से बचें।
डिजिटल बुकिंग और निगरानी
सरकार के मुताबिक लगभग 94% LPG बुकिंग ऑनलाइन हो रही है, ‘Delivery Authenticity Code (DAC)’ का पालन 76% तक पहुंच गया है। इससे सप्लाई सिस्टम को पारदर्शी और नियंत्रित बनाए रखने में मदद मिल रही है।
सप्लाई और लॉजिस्टिक्स अपडेट
अधिकारियों के अनुसार कई राज्यों बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक और उत्तराखंड—ने आवश्यक सेवाओं के लिए गैर-घरेलू LPG आवंटन के कदम उठाए हैं। वहीं शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव Rajesh Kumar Sinha ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में मौजूद भारतीय जहाज और चालक दल सुरक्षित हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि LPG लेकर आने वाला जहाज ‘नंदा देवी’ कांडला बंदरगाह पर पहुंच चुका है, जिससे सप्लाई और मजबूत होगी।