पिता अरविंद सिंह के बाद अब लक्ष्यराज समालेंगे मेवाड़ का साम्राज्य, आज सिटी पैलेस में होगा गद्दी महोत्सव
Lakshyaraj Singh Mewar: मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन के बाद अब सवाल ये था कि आख़िर मेवाड़ की गद्दी का उत्तराधिकारी कौन होगा? अरविंद सिंह की जगह मेवाड़ की गद्दी में कौन बैठेगा? जिसका जवाब अब मिल गया है। पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की गद्दी सभालेंगे, जो कि उनके बेटे हैं। उदयपुर के सिटी पैलेस से इसका फरमान जारी किया गया है।
कब होगा गद्दी महोत्सव?
परंपरानुसार सिटी पैलेस में गद्दी महोत्सव चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी को यानी आज 2 अप्रैल को सुबह 10 बजे होगा। इस दौरान लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को गद्दी पर बैठाने की परंपरा निभाई जाएगी। इसके लिए तैयारियां भी बड़े स्तर पर शुरू हो गई हैं। सभी बड़े लोगों को उत्सव का निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।
तय किया गया ड्रेस कोड
कार्यक्रम के लिए ड्रेस कोड भी तय किया गया है। यहां आने वाले पुरूषों को सफेद कुर्ता-पायजामा और महिलाओं को सफेद सूट या पारंपरिक सफेद पोशाक में ही आना होगा।
ये रही कार्यक्रम की रूपरेखा
- सुबह 9.30 बजे से 1.30 बजे तक सिटी पैलेस में गद्दी उत्सव चलेगा।
- उसके बाद दोपहर 3.15 बजे सिटी पैलेस में ही नोपति अश्व पूजन किया जाएगा।
- शाम 4.20 बजे कैलाशपुरी में एकलिंगनाथ के दर्शन करेंगे।
- शाम 7 बजे शहर के हाथीपोल द्वार का पूजन करने की परंपरा निभाएंगे।
- रात 8.15 बजे सिटी पैलेस में ही रंग पलटाई का दस्तूर किया जाएगा।
- रात 9 बजे भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने जगदीश मंदिर जाएंगे।
कौन थे अरविंद सिंह मेवाड़?
स्वर्गीय अरविंद सिंह मेवाड़, मेवाड़ घराने के 76वें संरक्षक और वे महाराणा प्रताप के वंशज थे। उनके पिता भगवत सिंह ने साल 1955 से साल 1984 तक मेवाड़ घराने की राजगद्दी संभाली थी। अरविंद ने अपनी शुरुआती पढ़ाई अजमेर के मेयो कॉलेज से पूरी की और इसके बाद उन्होंने उदयपुर से अपने ग्रेजुएशन की पढ़ाई की और मैनेजमेंट की डिग्री लेने के लिए यूके चले गए।