रेलवे ने बदले नियम, बिना टिकट यात्रा और स्मोकिंग से महिला कोच तक हर गलती पर बढ़ा जुर्माना
रेलवे से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए नियमों में बड़ा बदलाव लागू हो गया है। भारतीय रेलवे ने ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में अनुशासन और सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से कई उल्लंघनों पर जुर्माने की राशि बढ़ा दी है। नए प्रावधानों के तहत अब बिना टिकट यात्रा, महिला कोच में प्रवेश, धूम्रपान, अवैध फेरी और भीख मांगने जैसे मामलों में पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आर्थिक दंड देना होगा। रेलवे का मानना है कि सख्त कार्रवाई से नियमों का पालन बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जा सकेगा।
दिलचस्प बात यह है कि जिन बदलावों को जुलाई से लागू किया जाना था, उन्हें निर्धारित समय से पहले ही प्रभावी कर दिया गया है। साथ ही रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को इसकी जानकारी भी दी जा रही है।
बिना टिकट यात्रा पर बढ़ी सख्ती
नए नियमों के अनुसार बिना वैध टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर यात्री को पूरा किराया चुकाने के साथ कम से कम 500 रुपये का अतिरिक्त जुर्माना देना होगा। पहले यह राशि 250 रुपये थी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि टिकट संबंधी धोखाधड़ी और जानबूझकर नियम तोड़ने की घटनाओं को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। भुगतान से इनकार करने की स्थिति में मामला अदालत तक पहुंच सकता है।
महिला कोच में प्रवेश पर भारी दंड
महिलाओं के लिए आरक्षित कोच, सीट या केबिन में बिना अधिकार प्रवेश करने वालों के खिलाफ अब ज्यादा कठोर कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में 2500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। रेलवे अधिकारियों को जरूरत पड़ने पर संबंधित यात्री को तत्काल कोच से बाहर करने और गंभीर स्थिति में कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अधिकार भी दिया गया है।
स्टेशन और ट्रेन में भीख मांगने पर रोक
रेलवे परिसर और ट्रेनों में भीख मांगने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके साथ बिना अनुमति सामान बेचने या फेरी लगाने वालों पर भी कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में 2000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। रेलवे का मानना है कि इससे यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी और स्टेशन परिसरों में अव्यवस्था कम होगी।
धूम्रपान और हंगामे पर भी कड़ी कार्रवाई
ट्रेन या स्टेशन परिसर में धूम्रपान करने वालों के लिए भी जुर्माना बढ़ा दिया गया है। वहीं नशे की हालत में यात्रियों को परेशान करना, हंगामा करना या रेलवे संचालन में बाधा डालना भी महंगा पड़ सकता है। ऐसे मामलों में आर्थिक दंड के साथ जेल या सामुदायिक सेवा जैसे प्रावधान भी लागू किए जा सकते हैं। इसका सीधा असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासनहीन व्यवहार करते हैं।
टिकट ट्रांसफर और गलत उपयोग पर निगरानी
दूसरे व्यक्ति के नाम पर बुक टिकट का उपयोग कर यात्रा करने वालों पर भी रेलवे की नजर रहेगी। यदि ऐसा मामला सामने आता है तो टिकट जब्त की जा सकती है। इसके अलावा पूरा किराया और अतिरिक्त जुर्माना भी वसूला जाएगा। रेलवे इसे टिकट प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता से जोड़कर देख रहा है।
प्रतिबंधित सामान लेकर चलना सबसे बड़ा जोखिम
रेलवे ने खतरनाक या प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ यात्रा करने वालों के खिलाफ सबसे कठोर प्रावधान लागू किए हैं। ऐसे मामलों में सामान जब्त करने के साथ कम से कम 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। गंभीर परिस्थितियों में अदालत एक वर्ष तक की सजा भी सुना सकती है। सुरक्षा एजेंसियां इसे यात्रियों और रेलवे नेटवर्क की सुरक्षा से जुड़ा अहम कदम मान रही हैं।
जन विश्वास (संशोधन प्रावधान) अधिनियम 2026 के तहत किए गए ये बदलाव केवल जुर्माना बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं। रेलवे का संदेश साफ है कि अब ट्रेनों और स्टेशनों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए पहले जैसी ढील नहीं होगी और छोटी लापरवाही भी सीधे जेब पर भारी पड़ सकती है।