ओमान तट पर हमले के बाद जिंदा मिसाइल के साथ 2000 कि

जिंदा मिसाइल के साथ 2000 किमी सफर तय कर भारत पहुंचा ऑयल टैंकर, कोच्चि में इंडियन नेवी ने टाला बड़ा हादसा

कोच्चि। भारतीय नौसेना ने एक बेहद संवेदनशील और जोखिमभरे ऑपरेशन में संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह से कोच्चि पहुंचे ऑयल टैंकर से जिंदा मिसाइल वारहेड निकालकर संभावित बड़े समुद्री हादसे को टाल दिया। यह मिसाइल 26 मई को ओमान तट के पास हुए हमले के दौरान टैंकर में फंस गई थी और करीब 2000 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद भारत पहुंची।

फ्यूल टैंक में फंस गई थी मिसाइल

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मार्शल आइलैंड के झंडे वाले ऑयल टैंकर एमटी ओलम्पिक पर ओमान तट के निकट हमला हुआ था। हमले के दौरान मिसाइल का वारहेड विस्फोट नहीं हुआ, बल्कि जहाज के बाहरी हिस्से को भेदते हुए सीधे फ्यूल टैंक में जाकर फंस गया। स्थिति बेहद खतरनाक थी, क्योंकि फ्यूल टैंक में मौजूद ज्वलनशील पदार्थों के बीच जरा सी चूक भी बड़े विस्फोट का कारण बन सकती थी।

तेल रिसता रहा, फिर भी जारी रहा सफर

हमले के बाद टैंकर के बाएं हिस्से में क्षति हुई और कुछ मात्रा में तेल समुद्र में रिस गया। इसके बावजूद जहाज ने अपना सफर जारी रखा और अरब सागर पार करते हुए कोच्चि पहुंच गया। बाद में जहाज प्रबंधन ने अधिकारियों को जानकारी दी कि टैंकर के अंदर एक जिंदा मिसाइल वारहेड मौजूद है। इसके बाद भारतीय नौसेना को तत्काल अलर्ट किया गया।

इंडियन नेवी ने चलाया हाई-रिस्क ऑपरेशन

कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान ने विस्फोटक निष्क्रिय करने में विशेषज्ञ एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल (EOD) टीम को तैनात किया। पूरे अभियान का समन्वय गुरुग्राम स्थित Information Fusion Centre- Indian Ocean Region (IFC-IOR) ने किया। ऑपरेशन के दौरान विशेषज्ञों ने टैंकर के क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। मिसाइल के विस्फोटक तंत्र की पहचान की। वारहेड को निष्क्रिय किया। अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला। बरामद वारहेड को जांच के लिए सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह ऑपरेशन अत्यंत चुनौतीपूर्ण था, लेकिन भारतीय नौसेना ने इसे पूरी पेशेवर दक्षता और सावधानी के साथ सफलतापूर्वक अंजाम दिया। मंत्रालय के मुताबिक, यह अभियान दर्शाता है कि भारतीय नौसेना समुद्री सुरक्षा, विस्फोटक खतरों और आपात परिस्थितियों से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। साथ ही भारत क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन कर रहा है।