हिमाचल के लाहौल-स्पीति में दर्दनाक हादसा: चलते वाहन पर गिरी विशाल चट्टान, 13 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में शुक्रवार के दिन दर्दनाक हादसा हो गया। भीषण हादसे में पहाड़ से गिरी एक विशाल चट्टान ने टाटा सूमो को चपेट में ले लिया। इसके चलते वाहन में सवार 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया था। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में यात्रा सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र के कढ़ूनाला-राहौली के पास मार्ग में हुआ। शुरूआती जानकारी के अनुसार, पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक धंस गया और भारी चट्टान सीधे नीचे से गुजर रहे वाहन पर आ गिरी।
पल भर में मलबे में बदला वाहन
दुर्घटना का शिकार वाहन टाटा सूमो था। इसमें चालक समेत 15 लोग सवार थे। जैसे ही वाहन कढ़ूनाला के पास पहुंचा ऊपर से एक भारी चट्टान आकर गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि अधिकांश यात्रियों की मौत मौके पर ही हो गई। वहीं, रेस्क्यू करने के लिए पहुंचे बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में दबे घायलों को बाहर निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया।
मृतकों की पहचान प्रक्रिया जारी
लाहौल-स्पीति की पुलिस अधिकारी ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। साथ ही बताया कि 2 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। उनके अनुसार, घटना चंबा के पांगी और लाहौल-स्पीति की सीमा के पास हुई। शुरूआती जानकारी में सामने आया है कि मृतकों में से अधिकतर लोग चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस पोस्ट तिंदी और उदयपुर थाना की टीमें मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हैं।
पहाड़ी इलाकों में यात्रा को लेकर अपील
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाओं में तेजी आई है। ऐसे हालात में पहाड़ी मार्गों पर सफर पहले से अधिक जोखिम भरा हो गया है। प्रशासन लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा से पहले सड़क और मौसम की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।