एक्शन में फडणवीस सरकार, नागपुर हिंसा के आरोपी फहीम खान के घर चला बुलडोजर
Nagpur Violence : महाराष्ट्र। नागपुर हिंसा के आरोपी फहीम खान का नागपुर में घर गिराया जा रहा है। मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि, नागपुर हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान के घर के अवैध हिस्से को नगर निगम अधिकारियों ने ध्वस्त कर दिया है। फहीम खान पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है।
नागपुर नगर निगम उपयंत्री, सुनील गजभिये ने कहा - "हमें शिकायत की जांच करने का आदेश मिला था। हमने उचित जांच की। एमआरटीपी अधिनियम (महाराष्ट्र क्षेत्रीय एवं नगर नियोजन अधिनियम, 1966) की धारा 53(1) के अनुसार 24 घंटे का नोटिस जारी किया गया था। समय सीमा पूरी होते ही यह कार्रवाई की गई।"
फहीम खान को नागपुर हिंसा का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। इस समय फहीम खान पुलिस हिरासत में है। नागपुर महानगर पालिका की संजय कॉलोनी में फहीम खान का दो मंजिला मकान है। इसी मकान पर सोमवार को बुलडोजर चला है।
कौन है नागपुर हिंसा का मास्टरमाइंड फहीम खान :
नागपुर हिंसा का मास्टरमाइंड फहीम खान माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक नाम की पार्टी का शहर अध्यक्ष है। फहीम खान के साथ सैयद आसिम अली नाम के व्यक्ति का नाम भी नागपुर हिंसा में शामिल है। फहीम खान द्वारा संचालित कुछ दुकानों को सील कर दिया गया है। इन दुकानों का उपयोग हिंसा से जुड़ी गतिविधि को अंजाम देने के लिए किया गया था।