बंगाल में अभिषेक बनर्जी पर हमला: अंडे फेंके, शर्ट फाड़ी, हेलमेट पहनाकर निकाला गया
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दक्षिण क्षेत्र में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद Abhishek Banerjee पर कथित हमला किए जाने का मामला सामने आया है। अभिषेक चुनाव बाद हिंसा के पीड़ित टीएमसी कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान विरोध कर रहे लोगों ने उन्हें घेर लिया, नारेबाजी की और अंडे, जूते तथा अन्य वस्तुएं फेंकीं। घटना में उनकी शर्ट भी फट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर भारी हंगामा हुआ, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने अभिषेक को हेलमेट पहनाकर वहां से सुरक्षित निकाला। बाद में उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
अभिषेक का आरोप- यह पूर्व नियोजित हमला था
घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि हमला पहले से सुनियोजित था और क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि हेलमेट की वजह से उनके सिर को चोट लगने से बचाया जा सका। अभिषेक ने कहा कि वे इस मामले को लेकर सर्वोच्च न्यायालय का रुख करेंगे और संसद में विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी देंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। टीएमसी नेता सोनारपुर में हालिया विधानसभा चुनाव के बाद हुई राजनीतिक हिंसा में मारे गए एक पार्टी कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे थे। हमले के बाद भी उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
सोनारपुर में पहले भी हो चुकी है राजनीतिक हिंसा
दक्षिण 24 परगना का सोनारपुर इलाका लंबे समय से राजनीतिक रूप से संवेदनशील माना जाता है। यहां टीएमसी और भाजपा के बीच चुनावी तथा चुनाव बाद हिंसा की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हालिया विधानसभा चुनाव के बाद क्षेत्र में हिंसा की कई घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें एक टीएमसी कार्यकर्ता की मौत और भाजपा समर्थकों की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी शामिल हैं।
राजनीतिक तनाव और बढ़ने के संकेत
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद से राजनीतिक हिंसा को लेकर लगातार आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। अभिषेक बनर्जी पर हमले की यह घटना राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर सकती है। टीएमसी ने इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि विपक्ष की ओर से भी अपने-अपने आरोप लगाए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से मामले की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।