जानलेवा हमले के बाद वृंदावन पहुंचे सिंगर राहुल फाजिलपुरिया, प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद
Rahul Fazilpuria: हरियाणवी सिंगर और रैपर राहुल फाजिलपुरिया पर हाल ही में गुरुग्राम में जानलेवा हमला हुआ था। उनकी कार पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई थी, लेकिन राहुल इस हमले में बाल-बाल बच गए। इसके बाद उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा करने के लिए वृंदावन का रुख किया।
राहुल वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर पहुंचे और दर्शन किए। इसके बाद वे संत प्रेमानंद महाराज से मिलने भी गए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने महाराज के प्रवचन सुने और अपने मन की बात भी साझा की। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें राहुल सफेद कुर्ता और गले में लाल चुनरी पहने हुए दिखाई दे रहे है। साथ ही उनके कुछ दोस्त भी उनके साथ नजर आए।
राहुल फाजिलपुरिया को ‘लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल’ गाने से पहचान मिली थी, जो फिल्म कपूर एंड संस में इस्तेमाल हुआ था। इसके बाद उन्होंने कई पॉपुलर गाने गाए और हरियाणवी म्यूजिक को बॉलीवुड तक पहुंचाया।
सिंगिंग के साथ-साथ राहुल ने राजनीति में भी कदम रखा। साल 2024 में उन्होंने जननायक जनता पार्टी (JJP) से गुरुग्राम से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
राहुल का नाम पहले भी विवादों में रहा है, जब उनका नाम यूट्यूबर एल्विश यादव के साथ मिलकर सांपों के जहर के कथित इस्तेमाल से जुड़ी एक घटना में आया था।
हमले की बात करें तो यह गुरुग्राम के सेक्टर 71 इलाके में हुआ, जब राहुल अपनी कार से बाहर निकल रहे थे। तभी एक टाटा हैरियर कार से उन पर फायरिंग की गई। हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।
राहुल ने बताया कि पहले उन्हें हरियाणा पुलिस की ओर से सुरक्षा दी गई थी, लेकिन कुछ समय पहले वह सुरक्षा वापस ले ली गई। उन्होंने पुलिस से दोबारा सुरक्षा मांगी थी, लेकिन कोई इंतजाम नहीं हुआ और यह घटना हो गई। अब वह भगवान की शरण में शांति और शक्ति की तलाश में है।