फिल्म 'काला हिरण' को लेकर सलमान खान की याचिका पर

सलमान की कानूनी लड़ाई के बीच 'काला हिरण' की रिलीज पर लगा ब्रेक, कोर्ट में क्या बोले मेकर्स

Bollywood Movie News

सलमान खान और फिल्म 'काला हिरण' को लेकर चल रहा कानूनी विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई फिलहाल सोमवार तक टाल दी है। हालांकि सुनवाई के दौरान फिल्म के मेकर्स की ओर से दिया गया आश्वासन इस केस का सबसे अहम पहलू बनकर सामने आया।

कोर्ट में मेकर्स ने स्पष्ट किया कि अगली सुनवाई से पहले फिल्म रिलीज नहीं की जाएगी। इतना ही नहीं, ट्रेलर लॉन्च करने और फिल्म को सेंसर बोर्ड (CBFC) के पास सर्टिफिकेशन के लिए भेजने पर भी फिलहाल रोक रखने की बात कही गई है।

मेकर्स के आश्वासन पर कोर्ट ने दर्ज की टिप्पणी

सुनवाई के दौरान मेकर्स की ओर से कहा गया कि अभी तक केवल फिल्म का टीजर जारी हुआ है और फिल्म रिलीज के लिए तैयार नहीं है। साथ ही उन्होंने अदालत को भरोसा दिलाया कि वे सलमान खान की याचिका पर अपना विस्तृत जवाब भी जल्द दाखिल करेंगे। जस्टिस ज्योति सिंह ने कहा कि यदि मेकर्स अपने रुख को लेकर आश्वस्त हैं तो इसे आधिकारिक रिकॉर्ड का हिस्सा बनाया जाए। इसके बाद कोर्ट ने उनके बयान को रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया।

सलमान ने किस आधार पर दायर की याचिका

सलमान खान की ओर से पेश वकील ने अदालत में कहा कि फिल्म उनके 'पर्सनैलिटी राइट्स' का उल्लंघन करती है। उन्होंने अंतरिम राहत की मांग करते हुए आग्रह किया कि मेकर्स साफ शब्दों में यह बताएं कि फिल्म रिलीज नहीं होगी। इसी मांग के बीच अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं और अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनाए रखने का संकेत दिया।

सोमवार की सुनवाई पर टिकी नजर

दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई सोमवार के लिए तय की है। तब तक फिल्म न रिलीज होगी, न उसका ट्रेलर आएगा और न ही उसे CBFC के पास सर्टिफिकेशन के लिए भेजा जाएगा। अब अगली सुनवाई में मेकर्स का विस्तृत जवाब और अदालत का रुख इस विवाद की दिशा तय कर सकता है।