सिर्फ एक फिल्म ने बिगाड़ी राजपाल यादव की जिंदगी, ज

एक फिल्म ने बर्बाद कर दी राजपाल यादव की जिंदगी, मदद में उतरी इंडस्ट्री

9 करोड़ रुपए के चेक बाउंस मामले में सरेंडर करने के बाद एक्टर राजपाल यादव फिलहाल तिहाड़ जेल में हैं। फिलहाल वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, जिसकी वजह से वह इतनी बड़ी रकम लौटाने की स्थिति में नहीं हैं। इस खबर के सामने आने के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री में तहलका मच गया। इस मामले के सामने आने के बाद कई एक्टर उनके समर्थन में उतर गए हैं।

 फिल्म फेडरेशन ने की मदद की अपील

बुधवार को FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉय्ज) ने सभी प्रोड्यूसरों से अपील की कि वे जल्द से जल्द राजपाल यादव की मदद करें। फेडरेशन की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया:

राजपाल यादव सिर्फ ऐसे प्रसिद्ध अभिनेता ही नहीं हैं जिन्होंने अपनी अभिनय प्रतिभा से लाखों लोगों को खुशी और हंसी दी है, बल्कि वे इंडस्ट्री के एक समर्पित सदस्य भी हैं, जिन्होंने दशकों की मेहनत और यादगार भूमिकाओं के जरिए भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। श्री राजपाल यादव इस समय गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, जिनमें बढ़ती देनदारियां और कारावास भी शामिल हैं। यह स्थिति उनके चरित्र या ईमानदारी को नहीं दर्शाती, बल्कि उन हालात का परिणाम है जो नियंत्रण से बाहर हो गए।

फेडरेशन ने आगे कहा यह समय फिल्म इंडस्ट्री के लिए एकजुटता, करुणा और सामूहिक जिम्मेदारी दिखाने का है। आर्थिक संकट किसी को भी प्रभावित कर सकता है। हमारी पहचान इस बात से तय होती है कि हम जरूरत के समय अपने सहयोगियों के साथ खड़े कैसे होते हैं।

गुरमीत चौधरी ने भी दी मदद की अपील

अभिनेता गुरमीत चौधरी ने ट्वीट कर लिखा कि इतने सीनियर और प्रतिभाशाली कलाकार राजपाल यादव को कठिन दौर से गुजरते देख बहुत दुख होता है। उन्होंने कहा: "मुझे यह देखकर बहुत दुख होता है कि इतने सीनियर और बेहद प्रतिभाशाली कलाकार राजपाल यादव इस मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने हमें अनगिनत मुस्कानें, हंसी और यादगार पल दिए हैं। आज उन्हें हमारी जरूरत है।"

सोनू सूद ने पहले की मदद

सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजपाल यादव हमारी फिल्म इंडस्ट्री के एक प्रतिभाशाली और यादगार कलाकार हैं। उन्होंने कहा कि उनका साइनिंग अमाउंट कोई दान नहीं, बल्कि सम्मान और गरिमा है। सोनू ने आगे कहा कि इंडस्ट्री को यह दिखाना चाहिए कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, बल्कि एक परिवार हैं।

तेज प्रताप यादव और अन्य से भी मदद

राजनेता तेज प्रताप यादव ने 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की। वहीं, जेम्स टून म्यूजिक के मालिक राव इंद्रजीत सिंह यादव ने 1.11 करोड़ रुपए की मदद दी और देशवासियों से भी अपील की कि वे आगे आएं।

क्यों जेल में हैं राजपाल यादव?

साल 2010 में राजपाल यादव ने फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। फिल्म फ्लॉप होने के बाद उन्होंने समय पर भुगतान नहीं किया। उनके चेक बाउंस होने के कारण उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई। साल 2018 में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराया और उन्हें छह महीने की जेल की सजा सुनाई। इसके बाद उन्होंने बार-बार उच्च अदालत में अपील की, जिसके बाद कई बार उन्हें राहत दी गई, क्योंकि उन्होंने भुगतान और समझौते का भरोसा दिया था।