यूपीटीईटी 2026 के आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी गई

UPTET 2026: आवेदन की तारीख बढ़ी, 3 मई तक भर सकेंगे फॉर्म

Career News

उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।

अब उम्मीदवार 3 मई 2026 तक अपना आवेदन और फीस जमा कर सकेंगे। यह फैसला लगातार आ रही सर्वर समस्याओं और अभ्यर्थियों की परेशानी को देखते हुए लिया गया है।

सर्वर की समस्या बनी बड़ी वजह

पिछले कुछ दिनों से आवेदन पोर्टल पर भारी ट्रैफिक की वजह से सर्वर बार-बार डाउन हो रहा था। अंतिम तारीख नजदीक आने के कारण लाखों उम्मीदवार एक साथ फॉर्म भरने की कोशिश कर रहे थे, जिससे वेबसाइट पर दबाव बढ़ गया।

कई अभ्यर्थी फॉर्म पूरा नहीं कर पा रहे थे और भुगतान प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही थी। इसी समस्या को देखते हुए आयोग ने आवेदन की समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया।

नई डेडलाइन और संशोधन की तारीख

शिक्षा सेवा चयन आयोग के अनुसार अब उम्मीदवार 3 मई तक आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों के फॉर्म में कोई गलती रह गई है या फीस अपडेट नहीं हुई है, वे 8 मई तक संशोधन और शुल्क समाधान कर सकते हैं।

आयोग के उपसचिव डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि ओटीआर (One Time Registration) सिस्टम में तकनीकी दिक्कतों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद यह बदलाव किया गया।

लाखों उम्मीदवारों ने किया आवेदन

UPTET 2026 को लेकर अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 12.5 लाख से अधिक उम्मीदवार आवेदन कर चुके हैं। 27 मार्च से शुरू हुई प्रक्रिया में अब तक 14.58 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, जिनमें से 12.80 लाख उम्मीदवारों को ओटीआर नंबर मिल चुका है। इसके अलावा 12.59 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक अपना फाइनल आवेदन जमा कर दिया है।

एक दिन और एक हफ्ते का रिकॉर्ड

सिर्फ एक दिन में ही 1 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने फॉर्म भरा, जबकि पिछले एक सप्ताह में 5.68 लाख से ज्यादा आवेदन दर्ज किए गए। यह आंकड़े बताते हैं कि यूपीटीईटी 2026 को लेकर युवाओं में कितनी बड़ी प्रतिस्पर्धा और उत्साह है।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह

विशेषज्ञों और आयोग की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें।

सर्वर पर दबाव बढ़ने की संभावना अंतिम दिनों में अधिक होती है। जिससे तकनीकी समस्याएं फिर से सामने आ सकती हैं। इसलिए समय रहते फॉर्म भरकर, फीस रसीद सुरक्षित रखना और प्रिंट आउट लेना जरूरी है।

इसके बाद उम्मीदवारों को अपनी परीक्षा तैयारी पर पूरा ध्यान केंद्रित करना चाहिए, ताकि इस महत्वपूर्ण परीक्षा में बेहतर परिणाम हासिल किया जा सके।