सरकारी नौकरी का मौका, ₹25 में भरें फॉर्म, UPSSSC ने निकाली 402 पदों पर भर्ती
सरकारी नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सहायक बोरिंग तकनीशियन के 402 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। खास बात ये है कि आवेदन शुल्क सिर्फ 25 रुपये रखा गया है, जो आज के समय में बेहद कम माना जा रहा है।
ये भर्तियां लघु सिंचाई विभाग में होंगी, जहां चयनित उम्मीदवारों को नलकूप और बोरिंग से जुड़े तकनीकी काम देखने होंगे। ITI पास युवाओं के लिए ये मौका काफी अहम माना जा रहा है।
किस कैटेगरी में कितनी सीटें
कुल 402 पदों का बंटवारा अलग-अलग वर्गों के लिए किया गया है। जिसमें जनरल वर्ग के लिए 163 पद, EWS के लिए 40 पद,OBC के लिए 107 पद, SC के लिए 82 पद,ST के लिए 10 पद आवंटित हुए हैं। इस तरह लगभग हर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए इसमें अवसर मौजूद है।
योग्यता क्या मांगी गई है?
इस भर्ती के लिए सिर्फ 10वीं पास होना काफी नहीं है। उम्मीदवार के पास तकनीकी योग्यता भी होनी जरूरी है। जरूरी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है-
-10वीं पास या समकक्ष
-ITI से संबंधित ट्रेड (फिटर, वायरमैन, टर्नर, मशीनिस्ट)
-या नलकूप मैकेनिक सर्टिफिकेट
-या NCVT से NAC प्रमाणपत्र
भर्ती के लिए आवश्यक उम्र सीमा
उम्मीदवार की उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए, जिसकी गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया कैसे होगी
चयन प्रक्रिया पूरी तरह स्कोर आधारित रखी गई है। सबसे पहले PET-2025 के अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। जिनके अंक शून्य या नेगेटिव हैं, उन्हें बाहर कर दिया जाएगा। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा देनी होगी। फाइनल मेरिट लिस्ट मुख्य परीक्षा के आधार पर बनेगी, यानी तैयारी मजबूत रखना जरूरी है।
सैलरी कितनी मिलेगी?
चयनित उम्मीदवारों को लेवल-2 के तहत वेतन दिया जाएगा। इसमें शुरुआती वेतन: ₹19,900 होगा। वहीं, अधिकतम वेतन: ₹63,200 तक दिया जाएगा। इसके अलावा DA, HRA, मेडिकल और अन्य भत्ते भी मिलेंगे। कुल मिलाकर सैलरी पैकेज ठीक-ठाक और स्थिर माना जा सकता है।
आवेदन कैसे करें?
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदन के लिए आवश्यक स्टेप्स-
-UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
-नया रजिस्ट्रेशन करें (अगर पहले से नहीं किया है)।
-लॉगिन कर फॉर्म भरें।
-जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
-₹25 शुल्क जमा करें।
-फॉर्म सबमिट कर प्रिंटआउट रख लें।
थोड़ा ध्यान रखें, एक बार सबमिट करने के बाद गलती सुधारने का मौका सीमित समय तक ही मिलेगा।
महत्वपूर्ण तारीखें
आवेदन शुरू: 15 अप्रैल 2026
अंतिम तिथि: 5 मई 2026
संशोधन की आखिरी तारीख: 12 मई 2026
आखिरी और महत्वपूर्ण बात
अगर आपने ITI किया है और PET-2025 दिया है, तो ये मौका हाथ से जाने वाला नहीं है। कम फीस, स्थिर नौकरी और अच्छा वेतन ये तीनों चीजें एक साथ मिल रही हैं। बस समय रहते आवेदन कर दें।