भारतीय सेना ने अग्निवीर CEE परीक्षा का रिजल्ट जारी

अग्निवीर CEE रिजल्ट जारी सेना भर्ती की मेरिट लिस्ट में ऐसे देखें नाम

Join Indian Army Agniveer CEE Result

भारतीय सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अगला चरण शुरू हो गया है। अग्निवीर कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) के नतीजे जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपनी क्षेत्रवार मेरिट लिस्ट देखकर आगे की भर्ती प्रक्रिया के लिए तैयारी कर सकते हैं।

सेना ने आधिकारिक वेबसाइट पर एआरओ (Army Recruitment Office) के अनुसार मेरिट सूची उपलब्ध कराई है। जून में आयोजित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के लिए यह सिर्फ पहला पड़ाव है क्योंकि अब उन्हें शारीरिक क्षमता और मेडिकल जांच जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं से गुजरना होगा।

भारतीय सेना ने जारी की ARO वाइज मेरिट लिस्ट

अग्निवीर CEE Result जारी होने के बाद उम्मीदवारों को अपनी मेरिट स्थिति जानने के लिए भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाना होगा। वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध Agniveer CEE Result लिंक से संबंधित एआरओ क्षेत्र का चयन करना होगा। इसके बाद मेरिट लिस्ट की PDF डाउनलोड कर उम्मीदवार उसमें अपना नाम या रोल नंबर खोज सकते हैं। सफल अभ्यर्थियों को आगे की भर्ती प्रक्रिया के लिए निर्धारित तारीखों और निर्देशों का पालन करना होगा।

CEE पास करने के बाद भी बाकी है असली चुनौती

अग्निवीर भर्ती में लिखित परीक्षा पास करना बड़ी उपलब्धि जरूर है लेकिन अंतिम चयन अभी बाकी रहता है। मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों को अब शारीरिक फिटनेस टेस्ट, शारीरिक माप परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच से गुजरना होगा। शारीरिक परीक्षण में उम्मीदवारों की ताकत और सहनशक्ति की जांच की जाएगी। इसमें 1.6 किलोमीटर दौड़, पुल-अप्स, पुश-अप्स और सिट-अप्स जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। इसके अलावा सेना के तय मानकों के अनुसार लंबाई, वजन और छाती की माप भी जांची जाएगी।

फिजिकल टेस्ट में प्रदर्शन से तय होंगे अंक

अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में दौड़ का प्रदर्शन काफी अहम माना जाता है। 1.6 किलोमीटर की दौड़ को 5 मिनट 30 सेकंड या उससे कम समय में पूरा करने वाले उम्मीदवारों को 60 अंक मिलेंगे। वहीं 5 मिनट 31 सेकंड से 5 मिनट 45 सेकंड के बीच दौड़ पूरी करने पर 48 अंक दिए जाएंगे।

5 मिनट 46 सेकंड से 6 मिनट के बीच दौड़ पूरी करने पर 36 अंक और 6 मिनट 1 सेकंड से 6 मिनट 15 सेकंड तक का समय लेने वाले उम्मीदवारों को 24 अंक मिलेंगे। इसके अलावा 10 पुल-अप्स करने पर 40 अंक निर्धारित हैं। 9 फीट लंबी कूद और जिग-जैग बैलेंस टेस्ट भी भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा हैं। हालांकि इनके लिए अलग अंक नहीं मिलेंगे लेकिन इन्हें पास करना अनिवार्य होगा।

सेना भर्ती में दस्तावेज और मेडिकल जांच भी अहम

फिजिकल टेस्ट के बाद उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसमें शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और अन्य जरूरी रिकॉर्ड शामिल होंगे। इसके बाद मेडिकल टेस्ट में उम्मीदवारों की स्वास्थ्य स्थिति की जांच सेना के तय मानकों के अनुसार की जाएगी। कुछ पदों के लिए उम्मीदवारों को अतिरिक्त अनुकूलनशीलता परीक्षण से भी गुजरना पड़ सकता है। सेना भर्ती प्रक्रिया का हर चरण उम्मीदवारों की शारीरिक क्षमता और योग्यता को परखने के लिए बनाया गया है।