SBI YONO-Aadhaar के नाम पर बड़ा स्कैम: APK डाउनलोड करते ही खाली हो सकता है बैंक खाता
डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। इन दिनों सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर एक फर्जी मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि अगर ग्राहक तुरंत आधार अपडेट नहीं करते हैं, तो उनका SBI YONO अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाएगा।
इस मैसेज के साथ एक संदिग्ध APK फाइल भेजी जा रही है और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा जा रहा है। विशेषज्ञों ने इसे गंभीर साइबर धोखाधड़ी बताया है।
PIB फैक्ट चेक ने बताया फर्जी
सरकारी एजेंसी PIB Fact Check ने इस वायरल दावे की जांच की और इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया है।
PIB के अनुसार, State Bank of India कभी भी ग्राहकों को इस तरह के लिंक या APK फाइल भेजकर KYC या आधार अपडेट करने के लिए नहीं कहता है।
ऐसे काम करता है APK स्कैम
साइबर अपराधी ‘अर्जेंट’, ‘आज रात तक अकाउंट ब्लॉक’ जैसे डराने वाले शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति एपीके फाइल डाउनलोड करता है। हैकर्स को उसके मोबाइल का एक्सेस मिल सकता है। इसके जरिए ओटीपी, नेट बैंकिंग पासवर्ड और निजी जानकारी चुरा ली जाती है, जिससे बैंक खाते से पैसे निकाले जा सकते हैं।
ऐसे करें खुद को सुरक्षित
- अनजान एपीके फाइल कभी डाउनलोड न करें।
- केवल Google Play Store या Apple App Store से ही ऐप इंस्टॉल करें।
- डराने या जल्दबाजी वाले मैसेज से सतर्क रहें।
- किसी के साथ OTP या बैंक डिटेल साझा न करें।
- ऐप इंस्टॉल करते समय परमिशन जरूर जांचें।
- मोबाइल की सिक्योरिटी सेटिंग्स सक्रिय रखें।
शिकायत कैसे करें
अगर आपके पास ऐसा कोई मैसेज आता है या आप ठगी का शिकार होते हैं, तो तुरंत बैंक को सूचना दें। आप report.phishing@sbi.co.in पर ईमेल कर सकते हैं या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बढ़ते साइबर अपराध के बीच सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।