Home > Archived > भारत-म्यांमार सीमा पर एनएससीएन के विरूद्ध सेना का बड़ा अभियान, चार कैडर ढेर

भारत-म्यांमार सीमा पर एनएससीएन के विरूद्ध सेना का बड़ा अभियान, चार कैडर ढेर

भारत-म्यांमार सीमा पर एनएससीएन के विरूद्ध सेना का बड़ा अभियान, चार कैडर ढेर
X

इटानगर। भारत-म्यांमार सीमा के पास भारतीय सेना ने लांगथूंग बस्ति इलाके में बुधवार को एक बड़ा अभियान चलाते हुए नगालैंड के प्रतिबंधित संगठन एनएनसीएन (खापलांग) को भारी नुकसान पहुंचाया है। अरुणाचल प्रदेश से सटे म्यांमार सीमा के निकट लांगथूंग बस्ति में नगालैंड के प्रतिबंधित आतंकी संगठन एनएससीएन (के) गुट का बड़ा आतंकी कैंप होने की सूचना मिलने के बाद सेना ने तड़के 4 बजे के आसपास बड़ा अभियान चलाया। सूत्रों ने दावा किया है कि मुठभेड़ में कुल चार आतंकियों के मारे जाने की सूचना मिली है। जिसमें एनएससीएन (के) के 2, केवाईकेएल का 1 और केसीपी आतंकी संगठन के एक कैडर के ढेर किए जान की जानकारी मिल रही है। हालांकि सेना ने अभी तक इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की है।

सेना के ईस्टन कमांड के ट्वीट के अनुसार भारतीय सेना ने अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार नहीं किया है। साथ ही सेना को किसी भी प्रकार की कोई क्षति नहीं हुई है| उधर, एनएससीएन (के) के एक शीर्ष नेता ने मीडिया को बताया है कि उसके कैडरों ने सेना के तीन जवानों को शहीद कर दिया है। सूत्रों ने इसे एनएससीएन (के) का दुष्प्रचार बताया है।

ज्ञात हो कि असम राइफल्स व पैरा कमांडो के जवानों ने अरुणाचल प्रदेश के लोंडिंग जिले से सटे म्यांमार के सीमावर्ती इलाके में एनएससीएन (के) के एक बड़े कैंप पर बुधवार तड़के चार बजे के आसपास धावा बोला। दोनों ओर से फायरिंग चलने की जानकारी मिली है। सूत्रों ने दावा किया है कि एनएससीएन (के) को इस मुठभेड़ में भारी नुकसान हुआ है। उसके कई कैडर मारे गए हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

सूत्रों ने दावा किया है कि एनएससीएन (के) के आतंकी रुक-रुककर सेना पर काफी देर तक गोलीबारी करते रहे। सेना ने आतंकियों का मुंहतोड़ जवाब दिया|
सेना की ओर से यह अभियान कितनी देर चलाया गया और कितने आतंकियों को मार गिराए गए, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि सारी स्थिति साफ होने में कुछ और समय लगेगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही हम पूरी स्थिति से अवगत कराएंगे।

उल्लेखनीय है कि अरुणाचल प्रदेश का लोंडिंग जिला म्यांमार सीमा से सटा हुआ है। एनएससीएन (के) के आतंकी कई बार सेना पर घात लगाकर इस क्षेत्र में हमला कर चुके हैं। इस इलाके को म्यांमार में जाने के लिए एनएससीएन (के) आतंकी उपयोग करते हैं। इस इलाके के घने जंगली क्षेत्रों में एनएससीएन (के) के कैडर छुपकर अभियान चलाते हैं।

Updated : 27 Sep 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top