Home > Archived > हमारे कामकाज का हिसाब अब देश की जनता के सामने है: प्रसाद

हमारे कामकाज का हिसाब अब देश की जनता के सामने है: प्रसाद

हमारे कामकाज का हिसाब अब देश की जनता के सामने है: प्रसाद
X

-2017 में लिया संकल्प, 2022 में सिद्ध होगा: तोमर
-संकल्प से सिद्धि योजना का नव भारत मंथन कार्यक्रम आयोजित
ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार मानवीय संवेदना की सरकार है। गरीबों की सरकार है। उनके उत्थान के लिए हम संकल्प सिद्धि को साकार कर एक नए भारत का निमार्ण वर्ष 2022 में करेंगे और पूरी दुनिया देखेगी कि भारत सभी राष्टÑों का सिरमौर बनकर उभरेगा। आज हम संकल्प लेते हैं कि आने वाले समय में हम इसको सिद्ध कर के दिखाएंगे। यह बात केन्द्रीय विधि, न्याय एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने रविवार को चेम्बर आॅफ कामर्स में नगर-निगम द्वारा आयोजित संकल्प से सिद्धि योजना के तहत नव भारत मंथन कार्यक्रम में अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि ग्वालियर शहर में पूरे 20 वर्ष बाद आया हूं,लेकिन सुखद बारिश लेकर आया हूं। अच्छा लग रहा है। श्री प्रसाद ने कहा कि आज रविवार है,आप सभी अवकाश के दिन आए हैं,लेकिन यह सरकार प्रधानमंत्री मोदी की सरकार है इस कारण आज के दिन को आप सोमवार मानिए। श्री प्रसाद ने कहा कि हमारे कामकाज का हिसाब अब देश की जनता के सामने है,प्रधानमंत्री ने मन की बात में यह बात स्पष्ट रूप से कही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पंचायतीराज, ग्रामीण विकास एवं शहरी विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नव भारत मंथन-संकल्प से सिद्धि अभियान शुरू किया है। इस अभियान में 2022 तक नए भारत के निर्माण को लेकर मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही श्री तोमर ने कहा कि प्रसाद जी का हमारे बीच होना शहरवासियों के लिए प्रसन्नता की बात है। वह देश के उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हैं जिन्हें राजनीति का महारथी कहा जाता है। वे वकील हैं लेकिन साधारण वकील नहीं हैं उन्होंने चारा घोटाले में दोषी लालू यादव को सजा दिलवाने का कार्य किया वहीं वर्षों से अयोध्या में रामलला का मंदिर बनाने का कार्य लंबित था। जब से वे रामलला मंदिर की पैरवी कर रहे और शीर्ष न्यायालय में अपने तर्कों से सभी को निरुत्तर कर मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त किया। नवभारत मंथन कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2015 में लाल किले से संकल्प दिवस मनाने का निर्णय लिया था। आज स्वच्छता का संकल्प लेकर भारत के करोड़ों लोग इसका पालन कर रहे हैं। मोदी ने सामाजिक जीवन में स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छता की रैकिंग में नंबर एक पर इंदौर और दूसरे पर भोपाल है जबकि आठवे नबंर पर ग्वालियर शहर है। उन्होंने यह भी कहा कि 20 साल बाद रवि शंकर प्रसाद ग्वालियर आए हैं। अब इतना लंबा अंतराल नहीं होना चाहिए। इससे पहले महापौर विवेक शेजवलकर ने सभी अतिथियों का स्वागत भाषण देकर कहा कि डिजीटल इंडिया का सपना केन्द्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद के प्रयास से ही संभव हो सका है। कार्यक्रम में विधायक भारत सिंह,देवेश शर्मा,अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष नियाज मोहम्मद,चेम्बर पदाधिकारी अरविंद अग्रवाल,प्रवीण अग्रवाल,पार्षद सतीश बोहरे व पंकज पालीवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा और के वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता मौजूद रहे।

हाथ उठाओ कितने लोग फेसबुक पर हैं:- केन्द्रीय विधि मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने मंच से कहा कि आज भारत की जितनी जनसंख्या है उससे ज्यादा मोबाइल फोन हैं। उन्होंने सभी को हाथ उठाकर यह पूछा कि कितने लोग फेसबुक और ट्विटर पर हैं। इसके जवाब में सभी ने हाथ उठाए।

यह भी बोले प्रसाद

-यह राजीव गांधी की सरकार नहीं मोदी की सरकार है कभी नहीं झुकेगी।
-भाजपा ने मुस्लिम बहनों की रक्षा की।
-मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की योजनाआें को सराहा।
-ग्वालियर के सभी अस्पताल ई व्यवस्था से जुडेंगे।
-संकल्प से सिद्धि से भारत बड़े निर्माण की तरफ अग्रसर होगा।
-नोटबंदी से कश्मीर में आतंकवादी व माओवाद की कमर टूटी।
-जीएसटी लागू कर पूरी दुनिया को बताया हम कमजोर नहीं।
-भारत के जवानों को हाथ खोलकर हमला करने की छूट।
-प्रधानमंत्री की आवाज देश नहीं बल्कि पूरी दुनिया सुनती है।

Updated : 28 Aug 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top