Home > Archived > अमित शाह ने संगठन को मजबूत करने के लिए मांगे सुझाव

अमित शाह ने संगठन को मजबूत करने के लिए मांगे सुझाव

अमित शाह ने संगठन को मजबूत करने के लिए मांगे सुझाव
X

रोहतक। हरियाणा में तीन दिवसीय प्रवास के पहले दिन की पहली बैठक में बुधवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से संगठन में नीचे से ऊपर तक मौजूद पदाधिकारियों के मन की बात जानी। मिशन 2019 की तैयारियों का खाका खींचने रोहतक पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने संगठन का सशक्त करने की दिशा में उठाए जा सकने वाले कदमों पर सुझाव मांगे। उनका राजनीतिक चर्चा का केंद्र बिंदु सबसे बड़े राजनीतिक दल को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का रहा।

रोहतक के तिलियार लेक स्थित कन्वेशन सेंटर परिसर में जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, बोर्ड-निगम चेयरमैन तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पूरे मंत्रिमंडल के साथ पहली बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मंथन किया। दिन की इस बड़ी बैठक का आगाज भारत माता की प्रतिमा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निर्देशानुसार डेढ घंटे तक चली बैठक में विधायक, बोर्ड निगम चेयरमैन, जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारियों ने अपने मन की बात रखी। बैठक के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नई ऊर्जा के साथ मिशन 2019 पर आगे बढने का आह्वान किया और कार्यकर्ताओं को पार्टी को सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ने को कहा।

इसके बाद कार्यकर्ताओं ने संगठन को सशक्त करने के लिए विभिन्न प्रकल्प और विभागों को सक्रियता से आगे बढाने तथा अपनी जिम्मेदारी के निवर्हन पर अपने विचार दिए। 25 से अधिक पदाधिकारियों द्वारा केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं विशेषकर महिलाओं, युवा, किसान, श्रमिक वर्ग के लिए बनाई गई योजनाओं का लाभ उठाने के लिए गांव, शहर में घर-घर तक जागरूकता अभियान पहुंचाने पर जोर दिया।

पदाधिकारियों का मानना था कि सरकारी योजनाएं निश्चित तौर पर जनता के लिए हैं, जिनका फायदा उन तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। ऐसे में यदि योजनाओं का लाभ उपयुक्त व्यक्ति तक पहुंचाना है तो कार्यकर्ताओं को इसके लिए कमर कसनी होगी। पदाधिकारियों ने सीएम विंडो और निगरानी समितियों के माध्यम से शिकायतों के प्रभावी निपटान होने तथा पारदर्शिता से नौकरियां दिए जाने के मुद्दे पर जनता के बीच जाना चाहिए। सरकार द्वारा बीमा कंपनी बनाए जाने, गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों को मकान रिपेयर के लिए राशि दिलाने बाबत संशोधन लाने, गौचारण भूमि, जलप्रबंधन और स्वच्छ भारत मिशन को लेकर अनेक सुझाव दिए गए।

इससे पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला द्वारा स्वागत भाषण दिया गया। इसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आगमन को हरियाणा के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संगठन की गतिशीलता में गुणात्मक वृद्धि हो रही है, जो भविष्य देश और हरियाणा के लिए शुभ संकेत है।

Updated : 2 Aug 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top