Home > Archived > तीन तलाक पर भाजपा देगी जवाब

तीन तलाक पर भाजपा देगी जवाब

मुस्लिम महिलाओं को एकत्रित करना प्रारम्भ

आगरा। तीन तलाक पर जमकर बवाल मचा हुआ है। इस बवाल को शांत करने और तीन तलाक का पक्ष लेने वालों का मुंह बंद करने के लिए भाजपा आगरा से बड़ा जवाब देने की तैयारी में हैं। भाजपा ने इसके लिए प्लान बना लिया है। इस माह के अंत तक एक बड़ा आयोजन आगरा में कराया जाएगा, जिसमें तीन तलाक से पीडि़त महिलाओं को एकत्र किया जाएगा। इस आयोजन में केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को निमंत्रण भेजा गया है।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री असफाक शैफी ने बताया कि तीन तलाक से पीडि़त महिलाओं के सम्मान में, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मैदान में उतर आया है। अब उन लोगों को जवाब देने की तैयारी की जा रही है, जो ट्रिपल तलाक के पक्ष में हैं। इसके लिए काम करना शुरू कर दिया गया है। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सर्वे किया जा रहा है। उन मुस्लिम महिलाओं की भीड़ जुटाई जा रही है, जो ट्रिपल तलाक के खिलाफ हैं। असफाक शैफी ने बताया कि मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में भ्रमण जारी है। बैठकें की जा रही हैं। ट्रिपल तलाक पीडि़त महिलाओं की सूची बनाई जा रही है। अब तक 100 से अधिक पीडि़त महिलाओं की सूची तैयार कर ली गई है। इन महिलाओं के साथ ट्रिपल तलाक के खिलाफ जवाब देने की तैयारी की जा रही है। इस माह के अंत तक आगरा में एक बड़ा आयोजन किया जाएगा, जिसमें केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को बुलाने का प्रयास किया जाएगा। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में पहुंचकर भाजपाई मुस्लिम महिलाओं का ट्रिपल तलाक के विरोध में समर्थन जुटा रहे हैं। गुरुवार को सुल्तानगंज पुलिया के पास स्थित भाजपाई करबला क्षेत्र में पहुंचे। यहां पर उन्होंने मुस्लिम महिलाओं के साथ बैठक की। असफाक शैफी ने बताया कि तीन तलाक का कुरान में कहीं भी जिक्र नहीं है। यह एक कुरीति है, जिसे मिटाने के लिए भाजपा अब मुस्लिम महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ रही है।


Updated : 5 May 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top