भगवान परशुराम जयंती पर कार्यक्रमों का आयोजन
बेलनगंज में सजी रेणुकापुरी का आज प्रदेश के ऊर्जामंत्री करेंगे उद्घाटन
आगरा। अक्षय तृतीया वाले दिन भगवान परशुराम का अवतरण हुआ था। इसी विश्वास और आस्था के कारण पूरे महानगर में आज और कल भगवान परशुराम की जयंती मनाई जाएगी। परशुराम ऋषि जमदग्नि और रेणुका के पांचवें पुत्र थे। ऋषि जमदग्नि सप्त ऋषियों में से एक ऋषि माने जाते हैं। कहा जाता है कि भगवान विष्णु के 6वें अवतार के रूप में परशुराम पृथ्वी पर अवतरित हुए थे। इनके जन्म को लेकर बहुत सी विभिन्न मान्यताएं सुनी जाती हैं।
भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर आज शुक्रवार को बेलनगंज में विशाल रेणुकापुरी सजाई जा रही है। रेणुका पुरी आयोजन समिति के उपाध्यक्ष ललित चतुर्वेदी ने बताया कि प्रात: यज्ञ पूजन के साथ सांय दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन उप्र के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा सांय करेंगे। वहीं उनके पैतृक स्थली यमुना किनारे स्थित रेणुका घाट पर पर भी दो दिवसीय कार्यक्रम होंगे। यमुना किनारे स्थित मथुराधीश मंदिर में शनिवार को परशुराम जयंती मनाई जाएगी। मंदिर के महंत नंदन श्रोत्रिय ने बताया कि चूंकि अक्षय तृतीय शनिवार को है, इसलिए मंदिर में इस दिन ही कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं अर्जुन नगर, सिकंदरा क्षेत्र में भी शनिवार को परशुराम जयंती मनाई जाएगी।