आप के विधायक अमानतउल्लाह पर चलीं गोलियां

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में निगम चुनाव में अब एक हफ्ते से कम समय रह गया है। इसलिए सभी दलों की कोशिशें चरम पर हैं। लेकिन इस बीच चुनाव प्रचार के दौरान आपसी झड़प में आप के विधायक पर अमानतउल्लाह पर तीन गोलियां चलाने का मामला सामने आया है। आम आदमी पार्टी गोलीबारी का आरोप कांग्रेस पर लगा रही है। घटना दिल्ली के जामिया नगर इलाके के बाटला हाउस चौक पर हुई है।
घटना से पहले एक वीडियो सामने आया है जिसमें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आपस में झगड़ते दिखाई दे रहे हैं। इस विवाद के कुछ देर बाद ही आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतउल्लाह खान पर रात बारह बजे के आसपास तीन गोलियां चलाई गईं।
अमानतउल्लाह खान इस घटना को इलाके में केजरीवाल की रैली के बाद कांग्रेस की बौखलाहट का नतीजा बता रहे हैं। ज्ञात हो कि जामिया नगर ओखला विधानसभा सीट के अंतर्गत आता है, जो मुस्लिम बहुल सीट है। वहीं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है।