दुल्हन ने नहीं लिए सात फेरे, वापस लौटाई बारात
-स्टेज पर मिरगी आने से गिर गया था दूल्हा
-पुलिस ने किया फैसला, दूसरी जगह होगी शादी
आगरा। शहनाई बज रही थी। दरवाजे पर बारात आ चुकी थी। बारातियों के स्वागत में लड़की के परिजन जुटे हुए थे। जयमाला पडऩे के लिए दूल्हा दुल्हन स्टेज पर पहुंच गए, तभी कुछ ऐसा हुआ, कि दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन के इंकार करते ही हंगामा मच गया। सूचना पर थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई, पुलिस ने दुल्हन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी हुई थी। बारात वापस लौट आई।
मामला शाहगंज के तमोली पाड़ा का है। यहां बारात आई थी। दूल्हा दुल्हन स्टेज पर थे, तभी दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ गया। वह स्टेज पर ही गिर गया। हल्ला मचा, तो लोग स्टेज पर पहुंच गए। कुछ लोग दूल्हे को जूता सुंघाने लगे, तो कोई प्याज ले आया। यह नजारा देखकर दुल्हन घबरा गई, उसने जय माला डालने से इंकार कर दिया। स्थिती ऐसी थी, कि लड़की के परिजन भी उस पर दबाव नहीं बना पा रहे थे, आखिर लड़की के जीवन भर का सवाल था। कुछ देर बार जब दूल्हे को होश आया, तो वह शादी की जिद पर अड़ गया। दोनों ओर से हंगामा होने लगा। हंगामे की खबर पर थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। मामला बिगड़ता ही जा रहा था। दूल्हे द्वारा मामले को और भी तूल पकड़ाया जा रहा था। विवाद पैदा होता देख पुलिस ने दूल्हे को अरेस्ट कर लिया। पुलिस उसे थाने ले आई। यह देख दूल्हे के संग आए बाराती वहां से खिसक लिए। थानाध्यक्ष शाहगंज ने बताया कि दूल्हे को छोड़ दिया गया है। लड़की के परिजनों ने दूसरी जगह शादी कराने का मन बनाया है।