देश के साथ मध्यभारत प्रान्त में भी बढ़ रहा है संघ कार्य : अशोक पांडेय
X
संघ की प्रतिनिधि सभा में 1396 प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
भोपाल| राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा से लौटे मध्य भारत प्रान्त के प्रान्त सह संघसंचालक अशोक पांडेय जी ने कोयम्बटूर में आयोजित प्रतिनिधि सभा में पारित प्रस्तावों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष प्रतिनिधि सभा में 11 क्षेत्र, 42 प्रान्तों से 1396 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मध्य भारत प्रान्त में संघ विस्तार की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मध्य भारत प्रान्त में वर्ष 2015 में 1,326 शाखाएं थीं, जो वर्ष 2016 में बढ़कर 1,439 हो गयीं हैं। बाल कार्य में गुणात्मकता और शाखाओं की वृद्धि की दृष्टि से मध्यभारत प्रांत में विशेष प्रयास किए गए जिसके परिणाम स्वरूप गुना में 24 से 27 नवंबर, 2016 को आयोजित प्रांतीय शिविर में 30 जिलों के 1,876 बाल स्वयंसेवक सहभागी हुए। ग्वालियर महानगर विभाग (ग्वालियर, लश्कर और डबरा) की सभी 137 बस्तियों में से 136 बस्तियां शाखायुक्त हो गई हैं। महाविद्यालयीन विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में संघ के संपर्क में आकर संघकार्य से जुड़ रहे है। ज्वाइन आरएसएस के माध्यम से भी बड़ी संख्या में लोग संघ से जुड़ रहे हैं, जिनके प्रशिक्षण वर्ग भी संपन्न हुए हैं।
मध्यभारत में इस वर्ष सामाजिक समरसता के लिए विशेष प्रयास किये गए। इस सन्दर्भ में मध्यभारत प्रांत में मुरैना में विभाग के खंड स्तर पर समरसता विषय में कार्य करने वाले कार्यकतार्ओं की बैठक उल्लेखनीय है। इस बैठक में 333 ग्रामों से 3623 और 99 नगरीय बस्तियों से 1706 कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस बैठक में सरकार्यवाह श्री भैय्या जी जोशी भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि मध्यभारत प्रान्त में वर्ष 2016-17 में प.पू. सरसंघचालक श्री मोहन भागवत का प्रवास भी उल्लेखनीय है। उनके प्रवास के दौरान बैतूल जिले में हिन्दू सम्मेलन, बनखेडी में ग्राम समिति सम्मलेन और भोपाल में श्रम साधक सम्मलेन प्रमुख आयोजन हुए। जनजाति बाहुल्य जिले बैतूल में सम्मेलन के पूर्व जलसंधारण, ग्राम स्वच्छता, समरसता बैठकें, स्वास्थ्य शिविर, गौ पूजन, युवा सम्मेलन, भारत माता की आरती इत्यादि कार्यक्रम संपन्न हुए। बैतूल जिले के सभी 1468 ग्रामों तक पहुँचकर 4 लाख लोगों से संपर्क किया गया।
परिणामस्वरूप 08 फरवरी को विराट हिन्दू सम्मेलन में एक लाख से अधिक लोग सहभागी हुए। जबकि बनखेडी में लगभग 8 हजार चयनित ग्रामवासी शामिल हुए। वहीँ, भोपाल में सम्पन्न हुए श्रम साधक सम्मलेन ने श्रम से जुड़े करीब 30 हजार श्रम साधक शामिल हुए। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त पश्चिम बंगाल में हिंसा व केरल की हिंसात्मक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई। पत्रकारों द्वारा राम मंदिर के संबंध में पूछे गए प्रश्नों के जवाब में उन्होंने कहा कि आप सभी पत्रकार हैं और बुद्धिजीवी हैं और अभी यह मामला उच्चतम न्यायलय के समक्ष है और उच्चतम न्यायलय का जो भी फैसला होगा हम उसका पालन करेंगे। गौ हत्या के संबंध में उन्होंने कहा कि संघ गौ हत्या का विरोध करता है। और इस प्रकार की गतिविधियों की निंदा करता है। केरल में हो रही हिंसा के सन्दर्भ में कहा कि संघ बल और हिंसा पर विश्वास नहीं रखता बल्कि प्रशासन और कानूनी प्रक्रिया पर विश्वास रखता है। प्रेस वार्ता में संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख श्री नरेन्द्र जी जैन, प्रांत प्रचार प्रमुख श्री दीपक जी शर्मा, विसंकें के अध्यक्ष श्री लक्ष्मेन्द्र माहेश्वरी एवं सचिव श्री दिनेश जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।