Home > Archived > सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मध्य दो दिवसीय

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मध्य दो दिवसीय

नव वर्ष मेले का 26 को होगा आगाज

मथुरा। नव वर्ष मेला समिति द्वारा जुबली पार्क में 26 मार्च से नव सम्वत के उपलक्ष्य में दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जायेगा।

उक्त जानकारी दीनदयाल नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में देते हुए समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मेले का शुभारम्भ प्रथम दिन 26 मार्च को मध्यान्ह 12 बजे ब्रज के प्रमुख संत धमाचार्यों के सानिध्य में वैदिक विधि विधान के साथ माँ भगवती के पूजन व कलश स्थापन, ध्वजा रोहण व यज्ञ से किया जायेगा। अपरान्ह तीन बजे से दीनदयाल नगर सरस्वती शिशु मन्दिर में विभिन्न प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी। सांय 5 बजे से रंगमंच की प्रतियोगिता होंगी। रात्रि 8 बजे से कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लक्ष्मीनारायण चौधरी केबिनेट मंत्री उप्र सरकार व विशिष्ट अतिथि कारिन्दा सिंह विधायक गोवर्धन का उद्बोधन होगा। प्रथम दिन कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती मनीषा गुप्ता अध्यक्ष नगर पालिका परिषद करेंगी। कार्यकम का शुभारम्भ महंत फूलडोल बिहारीदास महाराज व महामंडलेश्वर स्वामी नवल गिरी महाराज द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया जायेगा। रात्रि 8:30 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा जिसमें भारत वर्ष के जानेमाने कविगण की रचनाओं को सुनने का सुअवसर हमको प्राप्त होगा।

इसी श्रृंखला में द्वितीय दिन 27 मार्च को अपरान्ह 3 बजे से विभिन्न प्रतियोगितायें होंगी। सांय 5 बजे से लोकगीत व रूपसज्जा की प्रतियोगिता होगी। सांय 7 बजे से मंचीय कार्यक्रम व मुख्य अतिथि श्रीमती स्वाती सिंह, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, उप्र सरकार और विशिष्ट अतिथि पूरनप्रकाश एडवोकेट विधायक बल्देव का उद्बोधन प्राप्त होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुकेश गौतम अध्यक्ष नगर पालिका परिषद वृन्दावन करेंगे। मंचीय कार्यक्रमों का शुभारम्भ महंत हरिबोल दास महाराज व स्वामी आदित्यानन्द महाराज द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया जायेगा। रात्रि 8 बजे से अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त श्यामा श्याम रासलीला मंडल द्वारा बृज के मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। मेला स्थल पर बच्चों के मनोरंजन हेतु घोड़ा व ऊंट की सवारी, झूले, फिसलनी आदि, खेल तमाशों के अलावा, सुरुचिपूर्ण स्वादिष्ट चाट पकौड़ी, आईसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक व खानपान के स्टॉल भी होंगे। युवाओं में संस्कार देने हेतु आर्य समाज गायत्री तपोभूमि, प्रजापति ब्रह्म कुमारी, दीनदयाल धाम फरह, भारत स्वाभिमान मंच आदि सामाजिक संस्थाओं द्वारा धार्मिक व राष्ट्रीय साहित्यों के स्टाल भी लगाये जायेंगे। मेले में गत वर्र्षां की भांति इस वर्ष भी गंगाजल का नि:शुल्क वितरण किया जायेगा।

पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से समिति की उपाध्यक्ष कमलेश अरोडा, घनश्याम लोधी, महामंत्री राजीव कृष्ण अग्रवाल, मंत्री योगेश आवा, आचार्य ब्रजेन्द्र नागर, डा0 दीपा अग्रवाल, अजय शर्मा, कोषाध्यक्ष बल्देव अग्रवाल, केपी सिंह लोधी, किशोर इस्रानी, विपुल भाटिया आदि उपस्थित रहे।

Updated : 22 March 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top