Home > Archived > दुष्कर्म मामलों में फांसी की सजा के लिए विधेयक तैयार: भूपेंद्र सिंह

दुष्कर्म मामलों में फांसी की सजा के लिए विधेयक तैयार: भूपेंद्र सिंह

दुष्कर्म मामलों में फांसी की सजा के लिए विधेयक तैयार: भूपेंद्र सिंह
X


ग्वालियर। भोपाल में हुई घटना के आरोपियों को पकड़ लिया गया है। हम ऐसा अमेंडमेंट ला रहे हैं, जिसमें दस वर्ष तक की बच्ची के साथ दुष्कर्म पर फांसी की सजा का प्रावधान हो। इसके लिए विधेयक तैयार है, जिसे विधानसभा में रखा जाएगा। यह बात गृह एवं परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बुधवार को बीएसएफ की दीक्षांत परेड के पश्चात मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कही। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अपराधों से निपटने के लिए डायल-100 और पुलिस बल की संख्या बढ़ाई जा रही है और दुष्कर्म के केस फास्ट ट्रेक कोर्ट को दिए जा रहे हैं। पुलिस ने जेल ब्रेक सहित कई घटनाओं में तुरंत कार्रवाई की है। इसी तरह पहले छह जिले नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित थे, लेकिन अब सिर्फ बालाघाट के एक ब्लॉक में ही यह समस्या है। थानों के सीमाक्षेत्र को लेकर होने वाले विवाद को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उनका कहना था कि यह स्पष्ट निर्देश हैं कि फरियादी किसी भी थाने में जाए तो तुरंत जीरो पर कायमी की जाए। इसके लिए पीएचक्यू से निर्देश भी जारी हुए हैं। यदि ऐसा नहीं होता है तो संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई होगी। इसी तरह ओवरलोडिंग बसों और डंपर से होने वाली मौत को लेकर उनका कहना था कि ऐसी घटनाएं वाहनों के तेज गति में होने की वजह से होती हैं।

वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने के निर्देश हैं, लेकिन कई बार प्रॉपर चेकिंग नहीं होती है। इसलिए रूट और ट्रैफिक का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे की रिपोर्ट आने के बाद प्रत्येक रूट की टाइमिंग फिक्स की जाएगी।

नोटबंदी के साल पूरे होने पर कांग्रेस द्वारा काला दिवस मनाए जाने पर उनका कहना था कि यह निंदनीय है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस कालेधन के समर्थन में है। वास्तविकता यह है कि नोटबंदी और जीएसटी की वजह से भ्रष्टाचार व कालेधन पर रोक लगी है।

Updated : 9 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top