Home > Archived > अमित शाह ने कहा - देश को गुमराह करने का प्रयास बंद करें कांग्रेस उपाध्यक्ष

अमित शाह ने कहा - देश को गुमराह करने का प्रयास बंद करें कांग्रेस उपाध्यक्ष

अमित शाह ने कहा - देश को गुमराह करने का प्रयास बंद करें कांग्रेस उपाध्यक्ष
X

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नोटबंदी के मुद्दे पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया है| उन्होंने इसके लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि कांग्रेस गरीबों के लिए घड़ियाली आंसू बहाने का नाटक बंद करे। शाह ने कहा कि कांग्रेस के चेहरे से झूठ का नकाब उतर गया है, वह झूठी ख़बरों और झूठी तस्वीरों का सहारा लेकर अब सत्ता पर काबिज नहीं हो सकती।

भाजपा अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में - इंडियन नेशनल कांग्रेस अब (इनकरेक्ट न्यूज कांग्रेस) बन गई है। यह भारत में झूठी ख़बरों की सबसे बड़ा स्रोत बन गई है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी पर हमला करने के लिए राहुल गांधी ने जिस नंदलाल की तस्वीर का उपयोग किया है, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा कालेधन को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए उठाये गए ऐतिहासिक क़दम का पुरजोर समर्थन किया है। शाह ने कहा कि जिस तरह से राहुल गांधी 'त्रासदी निर्माण' में विश्वास रखते हैं, यह दुखद है| इससे भी दुखदायी यह है कि वह सस्ती राजनीतिक बढ़त के लिए देश के गरीबों का उपयोग कर रहे हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी के लिए गरीब का मतलब यह है, इसके पीछे वे अपने भ्रष्ट, अभिजात्य और उच्च वर्ग की जीवनशैली को छिपा सकते हैं। बदनामी के लिए तस्वीरों का उपयोग करना उनकी कोई नई चाल नहीं है। 15 सालों तक, कई तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए, राहुल गांधी और उनकी पार्टी ने गुजरात को बदनाम करने और उसे नीचा दिखाने के लिए हर तरह की साजिशें की है। उन्होंने गुजरात की एक ऐसी धारणा बनाई है जो कहीं से भी सच नहीं है।

शाह ने कहा कि दुनिया के सामने राहुल ने गुजरात को बदनाम किया है और 6 करोड़ गुजरात वासियों का अपमान किया है। उन्होंने हर तरीके से गुजरात का उपहास उड़ाने का प्रयास किया है लेकिन गुजरात की जनता से उन्हें बार-बार माकूल जवाब मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता कर्नाटक में एटीएम के बाहर रुपये निकालने के लिए लाइन में खड़े डीके शिवकुमार की तस्वीरें खुशी से ट्वीट कर रहे थे। किंतु, हकीकत सभी जानते हैं कि इसके बाद क्या हुआ, डीके शिवकुमार के ठिकानों से सैकड़ों करोड़ रुपये बरामद हुए। शाह ने कहा कि राहुल गांधी को उस तस्वीर को भी साझा करना चाहिए।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता को पचाने में असमर्थ कांग्रेस का षड्यंत्र विभाग अति सक्रिय मोड में है। लेकिन, 125 करोड़ भारतीय झूठे खबरों के इन प्रसारकों को जानते हैं और समय-समय पर उनकी झूठी खबरों और झूठे आंसुओं को खारिज करते रहे हैं।

Updated : 8 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top