Home > Archived > भाजपा के वोटबैंक में सपा की सेंधमारी, साधना मेयर प्रत्याशी घोषित

भाजपा के वोटबैंक में सपा की सेंधमारी, साधना मेयर प्रत्याशी घोषित

भाजपा के वोटबैंक में सपा की सेंधमारी, साधना मेयर प्रत्याशी घोषित
X

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में निकाय चुनाव आकर्षण का केन्द्र बन गया हैं। चुनाव में महापौर पद को अपनी झोली में पुन: डालने के लिए भाजपा ने जहां पूर्व सांसद स्व.शंकर प्रसाद जायसवाल की बहू मृदुला जायसवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं सोमवार को समाजवादी पार्टी ने साधना गुप्ता को चुनाव मैदान में उतार भाजपा के परम्परागत वोट बैंक में सेंधमारी का भरपुर इंतजाम कर लिया है।

नगर के उद्यमी संजय गुप्ता की पत्नी साधना इंटर पास है। पति के व्यवसाय में सहयोग के साथ इनरव्हील क्लब उदया के जरिये समाज सेवा करती हैं। सपा ने भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने तक अपने चुनावी पत्ते नहीं खोले थे। रविवार की देर शाम भाजपा के प्रत्याशी का नाम घोषित होते ही आज दोपहर में सपा ने भी अपना तुरूप का एक्का चल दिया।

सपा की सोच है कि पिछले मेयर के चुनाव में उसके किसी उम्मीदवार को अधिकृत नहीं किया था। जिसके चलते सपा के तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर गये थे। वोट के बिखराव के चलते भाजपा की राह तब आसान हो गयी। अब सपा भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में पूरे दमखम से मैदान में उतर आयी है। पार्टी की सोच है कि लगभग दो लाख बनिया मतदाताओं में सेंधमारी और लगभग 80 हजार यादव मतदाता सहित परम्परागत मुस्लिम और अन्य जातियों के सहारे मैदान मार सकती है।

खास बात यह है कि पि‍छड़ा वर्ग महि‍ला उम्‍मीदवार के लि‍ए आरक्षि‍त हुई इस मेयर सीट पर कांग्रेस ने भी पूर्व सांसद स्व.श्याम लाल यादव की बहू शालिनी यादव को चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस भी अस्सी हजार यादव मतदाता मुस्लिम वोट बैंक सहित अपने परम्परागत वोट बैंक के सहारे जीत का ताना बाना बुन रही है। बसपा ने भी अधिवक्ता और कैडर कार्यकर्ता सुधा चौरसिया पर दांव लगाया है।

Updated : 6 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top