Home > Archived > अमित शाह ने कहा - वीरभद्र सरकार ने 20 हजार करोड़ के कर्ज लेकर किए गबन

अमित शाह ने कहा - वीरभद्र सरकार ने 20 हजार करोड़ के कर्ज लेकर किए गबन

अमित शाह ने कहा - वीरभद्र सरकार ने 20 हजार करोड़ के कर्ज लेकर किए गबन
X


डलहौजी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को चंबा जिला के बनीखेत में मौजूद हिमाचल सरकार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने वीरभद्र सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री ने पांच साल तक मात्र भूमि पूजन ही किए।

शाह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है, मगर अब हिमाचल भ्रष्टाचार युक्त राज्य के नाम से देश भर में चर्चित हो गया है। जब भी भ्रष्टाचार की बात आती है तो हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का नाम शीर्ष पर आता है। गुजरात में जाकर राहूल बाबा मोदी सरकार के तीन साल का हिसाब मांग रहे हैं। लेकिन वह भूल गए कि यू.पी.ए़ सरकार के 10 साल के कार्यकाल में स्वर्ग से लेकर पाताल तक 12 लाख करोड़ रुपयों का घोटाला करने वाली कांग्रेस सरकार को हिसाब मांगने का कोई अधिकार नहीं है।रही बात केंद्र सरकार के तीन साल के कार्यकाल की तो एक पैसे का भ्रष्टाचार नहीं हुआ और हर 15 दिन बाद मोदी सरकार नई योजना बना रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के लिए कर्ज ले जिसका स्वागत है, मगर विकास के नाम पर 20 हजार करोड़ रुपये कर्ज लेकर वीरभद्र सरकार ने गबन कर लिए। उसके लिए हिमाचल की जनता कभी माफ नहीं करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल से दिल का रिश्ता है। हिमाचल की जनता ने राज्य में कांग्रेस के सत्तासीन होते हुए भी लोकसभा चुनाव में चारों सीटें भाजपा की झोली में डाल दीं, जिसका प्रतिफल देने के लिए प्रधानमंत्री तैयार बैठे हैं। लिहाजा हिमाचल में भाजपा लाइए और विकास की गंगा बहाइए।

शाह ने वीरभद्र सिंह को भूमिपूजन वाले मुख्यमंत्री की संज्ञा देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार कुछ काम करती तो लोकार्पण भी करती। जबकि भाजपा हिमाचल को मॉडल स्टेट बनाने का लक्ष्य लेकर चुनावी दंगल में उतरी है। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल, वीरभूमि के नाम से भी जानी जाती है। केंद्र सरकार की वन रैंक वन पेंशन योजना लागू करने की भी शाह ने जिक्र किया और हिमाचल में रोजगार सृजन, ई-टेंडरिंग कृषि विवि पालमपुर को केंद्रीय विवि में बनने जैसी कई घोषणाएं कीं।

Updated : 30 Oct 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top