परिवार को छोड़कर संगठन को समय देते हैं कार्यकर्ता

परिवार को छोड़कर संगठन को समय देते हैं कार्यकर्ता
X

-भाजपा का दिवाली मिलन समारोह आयोजित
ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर पूर्व विधानसभा का दिवाली मिलन कार्यक्रम मंगलवार को संभागीय मुख्यालय 38 रेसकोर्स रोड पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती मायासिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती सिंह ने कहा कि दीपावली हमारा पारंपरिक त्यौहार है। ऐसे अवसरों पर हमें निश्चित रूप से एकत्रित होकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता अपने परिवार और व्यापार को छोड़कर संगठन को समय देता है। इसी कारण आज भारत वर्ष में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओंं की जनसंख्या 12 करोड़ तक पहुंची है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संस्कारवान दल है। इसी कारण से हम समाज में प्रचलित सभी त्यौहारों को मनाते हैं, जिसमें दीपावली का त्यौहार भी महत्वपूर्ण त्यौहार है। उन्होंने जिला भाजपा की ओर से उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साडा अध्यक्ष राकेश जादौन ने कहा कि पर्वों का जीवन में बहुत महत्व है, जिसमें दीपावली का त्यौहार सबसे लंबा त्यौहार होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि मैं कामना करता हूं कि प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूत रहे और समृद्धशाली बने। यदि कार्यकर्ता मजबूत होगा तो हमारा दल भी मजबूत रहेगा। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री शरद गौतम ने एवं आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री ध्यानेन्द्र सिंह, जयसिंह कुशवाह, धीरसिंह तोमर, अशोक जादौन, युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर, पीताम्बर सिंह, संभागीय मीडिया प्रभारी सुबोध दुबे, महेश उमरैया, कमल माखीजानी, अशोक जैन, विनती शर्मा आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Story