Home > Archived > भारत के 50 सैनिक संयुक्त राष्ट्र पदक से हुए सम्मानित

भारत के 50 सैनिक संयुक्त राष्ट्र पदक से हुए सम्मानित

भारत के 50 सैनिक संयुक्त राष्ट्र पदक से हुए सम्मानित
X


नई दिल्ली। दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत कार्य कर रहे 50 भारतीय शांति सैनिकों को संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया है। इन सैनिकों को सूडान में पेशेवर तरीके से अपना दायित्व निभाने, नागरिकों की रक्षा करने तथा स्थाई शांति बहाल करने में सेवा के लिए इस पद से सम्मानित किया गया।

संयुक्त राष्ट्र सूचना सेवा ने शनिवार को बताया कि दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन सेना के कमांडर जनरल फ्रैंक मुशायो कामांजी ने दक्षिण सूडान में जोंगलेई के बोर क्षेत्र में तैनात भारतीय बटालियन के अधिकारियों को ये पदक प्रदान किये। इस अवसर पर उन्होंने बोर में संयुक्त राष्ट्र नागरिक रक्षा केन्द्र में शरण लेने के इच्छुक पच्चीस हजार नागरिकों के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में गश्त लगाने में उनके योगदान की सराहना की।

दक्षिण सूडान में भारत के राजदूत कुमार मेनन भी पदक वितरण समारोह में शामिल हुए और उन्होंने शांति सैनिकों की प्रतिबद्धता और सेवा के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा, 'भारत संयुक्त राष्ट्र घोषणापत्र के उद्देश्यों के प्रति वचनबद्ध है और अंतरराष्ट्रीय शांति स्थापित करने के संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है।' जोंगलेई के कार्यवाहक गवर्नर डॉ आगोट एलियर ने भी भारतीय शांति सैनिकों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय बटालियन ने दक्षिण सूडान में समुदाय की सुरक्षा तथा स्थानीय शांति प्रयासों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और जोंगलेई तथा बोमा में स्थानीय निवासियों तथा स्थानीय किसानों के जानवरों के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई है।

Updated : 15 Oct 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top