उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, शून्य से नीचे पहुंचा पारा

नई दिल्ली| उत्तर भारत के राज्यों में शीतलहर का प्रकोप आज भी जारी रहा और कई हिस्सों में पारा लुढ़क कर जमाव बिंदु के करीब आ गया। वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों में ‘ठंड से भयंकर ठंड’ रहने का अनुमान जताया है और रविवार को यह चरम पर पहुंच सकता है।
कश्मीर में शीतलहर जारी रहने के साथ श्रीनगर में गुरुवार की रात पिछले 5 साल में सबसे ठंडी जनवरी की रात रही और विभिन्न जल निकायों से सप्लाई लाइन में पानी जम गया। प्रसिद्ध डल झील का पानी भी जम गया। राजस्थान भी जबरदस्त ठंड की गिरफ्त में रहा जहां मैदानी इलाकों में सीकर सबसे ठंडा स्थान रहा। इस जिले का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे एक डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं चुरू में रात का तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि माउंट आबू का तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय राजधान में भी कड़ाके की ठंड पड़नी जारी है। हालांकि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली 25 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि आठ ट्रेनों के समय में बदलाव करना पड़ा है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। भारतीय मौसम विभाग ने कहा, ‘अगले दो-तीन दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के कुछ स्थानों पर ठंड से भयंकर ठंड वाली हवाएं चलने की संभावना है, जबकि बिहार, मध्य प्रदेश, विदर्भ और ओड़िशा के आंतरिक क्षेत्रों में शीतलहर चलने की संभावना है।’
उत्तर प्रदेश में जबरदस्त ठंड की स्थिति बनी हुई है जिसमें राजधानी लखनउ में पिछले तीन साल का सबसे ठंडा दिन रहा और वहां का तापमान लुढ़क कर 0.1 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। पंजाब और हरियाणा भी जबरदस्त ठंड से गुजर रहे हैं और इन दोनों राज्यों में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में अमृतसर का तापमान एक डिग्री, जबकि लुधियाना और पटियाला का तापमान क्रमश: 2.3 डिग्री व 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में अंबाला का तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हिसार का तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में शीतलहर से कोई राहत नहीं मिली। राज्य में केलोंड, काल्पा और मनाली का न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से नीचे 14.8 डिग्री, शून्य से नीचे 7.8 डिग्री और शून्य से नीचे 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार में गया सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।