भारत में विकसित देश बनने की अटूट क्षमता : कोहली

भोपाल। राज्यपाल एवं कुलाधिपति ओम प्रकाश कोहली ने आज राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्व विद्यालय के 9वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए छात्र-छात्राओं से कहा कि आधुनिक ज्ञान प्राप्त करने के साथ देश की परम्पराओं को न छोड़ें, हमारा देश समृद्ध परम्पराओं से जुड़ा है। श्री कोहली ने कहा कि भारत में विकसित देश बनने की अटूट क्षमता है।

राज्यपाल श्री कोहली ने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध में पूरी तरह तबाह जर्मनी और जापान दोबारा विकसित देश बन सकते हैं तो हमारा देश विकसित देशों में अग्रणी स्थान क्यों नहीं प्राप्त कर सकता है। उसको यह सम्मान और स्थान दिलाने की जिम्मेदारी आप जैसे छात्र-छात्राओं पर है। राज्यपाल श्री कोहली ने कहा कि अभी आप सुरक्षित परिवेश में थे अब आप की असली परीक्षा है कि आप देश और समाज में व्याप्त चुनौतियों के लिए अपने ज्ञान का किस प्रकार उपयोग करते हैं। हमारे देश में आर्यभट्ट, चरक और धन्वंतरी जैसे वैज्ञानिकों ने जन्म लिया, जिनके कारण हमारे देश को विश्व गुरू का स्थान प्राप्त हुआ। श्री कोहली ने कहा कि आज यहाँ दीक्षा लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए सबसे बड़ा संदेश यह है कि आपको जो ज्ञान प्राप्त हुआ है उसका संवेदनशीलता के साथ समाज और देश के उत्थान और विकास के प्रति समर्पित् होकर उपयोग करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि देश विकसित देशों की अग्रणी श्रेणी में आये यह जिम्मेदारी आपके कंधों पर है।

इस मौके पर तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी ने कहा कि हमारे प्रदेश में रक्षा संस्थान की जल्द स्थापना की जायेगी। इसके लिए प्रदेश के किसी शहर का चयन किया जायेगा। श्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना सबका साथ-सबका विकास और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्वर्णिम मध्यप्रदेश का सपना पूरा करने के लिए मेधावी छात्र-छात्राओं को अपना सम्पूर्ण योगदान देना चाहिए। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पीयूष त्रिवेदी ने उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को दीक्षांत शपथ दिलाई और अतिथियों को शाल,श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। समारोह में कुल सचिव डॉ. एस.के. जैन, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ और अभिभावक उपस्थित थे।

Next Story