Home > Archived > आज होगी भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ग्वालियर पहुंचे

आज होगी भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ग्वालियर पहुंचे

आज होगी भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ग्वालियर पहुंचे
X

ग्वालियर। प्रगति विद्यापीठ, सीपी कॉलोनी, मुरार में 28 व 29 सितम्बर को होने जा रही भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के लिए सोमवार से ही प्रदेश पदाधिकारियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है, जबकि शेष पदाधिकारी 27 सितम्बर को ग्वालियर पहुंचेंगे। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत सोमवार शाम को गोवा एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान मंगला एक्सप्रेस से सुबह ही ग्वालियर पहुंच चुके हैं। दोनों नेताद्वय का स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत किया।
ग्वालियर पहुंचने के बाद नेताद्वय श्री भगत एवं श्री चौहान ने कार्यसमिति बैठक स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजालिया और विभिन्न व्यवस्था समितियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। भाजपा द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 27 सितम्बर मंगलवार को शाम पांच बजे से प्रगति विद्यापीठ, सीपी कॉलोनी, मुरार में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें प्रदेश कार्यसमिति की कार्यसूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष श्री चौहान मंगलवार को प्रात: सात बजे ग्वालियर से भिण्ड के लिए रवाना होंगे, जहां पार्टी की बैठक को संबोधित करने के बाद मेहगांव में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। तत्पश्चात ग्वालियर वापस लौटने के बाद प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। ग्वालियर आगमन पर नेताद्वय श्री भगत एवं श्री चौहान का स्वागत करने वालों में भाजपा महापौर विवेक शेजवलकर एवं जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शमिल थे।

अच्छे मेजबान हैं ग्वालियर के कार्यकर्ता: लूनावत
इसी क्रम में विगत रविवार की शाम को अल्प प्रवास पर ग्वालियर आए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रिजेश लूनावत ने भी प्रदेश कार्यसमिति स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और विभिन्न व्यवस्था समितियों के प्रभारी व सह प्रभारियों की बैठक ली, जिसमें श्री लूनावत ने कहा कि आप सब अनुभवी हैं और अच्छे मेजबान भी। कार्यसमिति की बैठक ऐतिहासिक होगी और जिस तरह से युवा मोर्चा कार्यकर्ता ग्वालियर को सजा रहे हैं। यह मैंने अभी आकर देखा। श्री लूनावत ने कहा कि कार्यसमिति की बैठक का स्थान बहुत ही सुंदर है। प्रतिनिधि यहां आकर वास्तव में बहुत प्रसन्न होंगे।

परिवहन समिति की बैठक आयोजित
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की तैयारियों को लेकर परिवहन समिति की बैठक सोमवार को होटल शेल्टर में संपन्न हुई, जिसमें मुख्य रूप से संभागीय संगठन मंत्री प्रदीप जोशी, जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, उदय अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष में गरीब कल्याण पर रहेगा सर्वाधिक फोकस: चौहान


ग्वालियर में 28 व 29 सितम्बर को आयोजित होने जा रही भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक अत्यंत मत्वपूर्ण है। पं. दीनदयाल जी उपाध्याय द्वारा देश को दिया गया विचार 'एकात्म मानववादÓ का प्रतिपादन ग्वालियर की धरती से ही हुआ था, जो भाजपा के लिए राजनैतिक दर्शन बना।
इस दो दिवसीय बैठक में पार्टी आगामी आने वाले समय के लिए अपना रोडमेप तैयार करेगी। इसके साथ ही राजनैतिक प्रस्ताव में केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा भी की जाएगी। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने दी। श्री चौहान सोमवार को बैठक स्थल प्रगति विद्यापीठ, सीपी कॉलोनी मुरार में संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे।
श्री चौहान ने बताया कि कार्यसमिति बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारी रामलाल जी, विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रभात झा, कैलाश विजयवर्गीय, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत, अलिन माधव दबे, सहित प्रदेश के सभी पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल जी के जन्म शताब्दी वर्ष को भाजपा पूरे देश में गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। उन्होंने अंत्योदय के रूप में जो परिभाषा, मीमांसा दी थी कि समाज में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सरकार सबसे पहले सहारा दे, विषमता समाप्त हो और समाज में समरसता आए। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार इसी दर्शन पर काम कर रही है।
श्री चौहान ने कहा कि पं. दीनदयाल जी के जन्म शताब्दी वर्ष में प्रदेश कार्यसमिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य एक वर्ष के लिए समाज कल्याण के काम हाथ में लेकर उन्हें पूर्ण करेंगे। उन्होंने बताया कि गरीब कल्याण के लिए संगठन और सरकार का कॉमन एजेंडा बन चुका है। गरीब कल्याण अभियान को जनांदोलन बनाने के लिए राष्ट्रीय परिषद में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आवश्यकता को रेखांकित कर सभी 29 प्रदेशों के नेतृत्व को उर्जित कर दिया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जिस तरह गरीब कल्याण की योजनाएं जमीन पर अवतरित हुई हैं, उसे देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक उपसमिति गठित कर उसके संयोजन की जवाबदेही मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान को सौंपी है।
एक प्रश्न के उत्तर में श्री चौहान ने कहा कि आने वाले शहडोल लोकसभा और नेपानगर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित है। प्रत्याशियों का चयन भी जल्दी ही किया जाएगा।

प्रमोशन में आरक्षण तुष्टिकरण नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री चौहान ने पदोन्नति में आरक्षण के सवाल पर कहा कि यह तुष्टीकरण नहीं, सामाजिक न्याय है। आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से यह व्यवस्था पहले से ही चली आ रही है। हम उसी को फॉलो कर रहे हैं। चूंकि यह मामला अभी न्यायालय में लम्बित है, इसलिए इस पर हम ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।

भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री चौहान ने पार्टी में व्याप्त गुटवाजी के सवाल पर कहा कि भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है। यदि गुटबाजी तलाशना है तो दूसरी पार्टियों पर फोकस करो। बाबूलाल गौर को मंत्रीमंडल से निकाले जाने के सवाल पर श्री चौहान ने कहा कि नए लोगों को मौका मिलना चाहिए। यह हमारी पार्टी ने मोटे तौर पर तय किया है। वैसे मंत्री मंडल में किसे रखना है? यह मुख्यमंत्री का सुरक्षित अधिकार है।

Updated : 27 Sep 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top