Home > Archived > भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तैयारियां चरम पर, 22 को केन्द्रीय मंत्री तोमर करेंगे तैयारियों की समीक्षा

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तैयारियां चरम पर, 22 को केन्द्रीय मंत्री तोमर करेंगे तैयारियों की समीक्षा

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तैयारियां चरम पर, 22 को केन्द्रीय मंत्री तोमर करेंगे तैयारियों की समीक्षा
X


ग्वालियर। प्रगति विद्यापीठ, सी.पी. कॉलोनी, मुरार में 28 व 29 सितम्बर को होने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। ग्वालियर जिला अतिथियों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कार्यक्रम स्थल पर लगातार तैयारियां चल रही हैं। कार्यकर्ता पलक पावड़े बिछाकर अतिथियों के स्वागत के लिए तैयार हैं। इसी क्रम में 20 सितम्बर को जहां मंडल स्तर पर बैठकें होंगी वहीं केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर 22 सितम्बर को वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

भाजपा के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पूर्व 27 सितम्बर को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी ग्वालियर में ही सम्पन्न होगी, जिसमें प्रदेश कार्यसमिति के सभी प्रस्तावों एवं कार्यों को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 22 सितम्बर को प्रगति विद्यापीठ में पूर्वान्ह 11 बजे से एक वृहद बैठक होगी, जिसमें सभी व्यवस्था समितियों के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। इस बैठक को मुख्य रूप से केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर संबोधित करेंगे। बैठक में महापौर विवेक शेजवलकर, प्रदेश सरकार के मंत्री एवं विधायक भी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। श्री शर्मा ने बताया कि इस बैठक में सभी व्यवस्था समितियों के संयोजक, प्रभारी, सह प्रभारी, सदस्य एवं निगम मंडलों के अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने उपरोक्त सभी पदाधिकारी व सदस्यों से बैठक में आवश्यक रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

भाजपा की मंडल बैठकें आज

आगामी 28 व 29 सितम्बर को ग्वालियर में होने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा जिला ग्वालियर महानगर की बैठक भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें अब तक की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शर्मा ने बताया कि इसी क्रम में 20 सितम्बर मंगलवार को प्रत्येक मंडल में भाजपा की बैठक होगी। मंडलों की बैठकों में प्रदेश कार्यसमिति बैठक की तैयारियों के साथ-साथ 25 सितम्बर को भारतीय जनसंघ के संस्थापक पं. दीनदयाल जी उपाध्याय के जन्म शताब्दी समारोह की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।

Updated : 20 Sep 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top