पाक ने जताई चिंता, कहा - भारत के मिसाइल कार्यक्रमों से बढ़ेगी परमाणु अस्त्रों की होड़
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने भारत पर आरोप लगाया है कि वह पारंपरिक, परमाणु और मिसाइल विकास कार्यक्रम को अंजाम दे रहा है। अजीज ने कहा कि इससे हिंद महासागर में परमाणु अस्त्रों की होड़ बढ़ सकती है और क्षेत्र में शक्ति संतुलन बिगड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर भारत अपने इस कार्यक्रम पर रोक नहीं लगाता है तो इसके विरुद्ध संयुक्त राष्ट्र संघ में एक प्रस्ताव लाएगा और उस पर चर्चा कराएगा। 15 मई को भारत के बैलिस्टिक मिसाइल प्रतिरक्षा प्रणाली के सफल परीक्षण पर अजीज ने कहा कि इस हवाई रक्षा प्रणाली के अलावा भारत ने परमाणु संपन्न पनडुब्बी स्थित के-4 बैलिस्टिक मिसाइल का भी परीक्षण किया है।
विदेश मामलों के सलाहकार अजीज ने संसद के उपरी सदन सीनेट में दिये बयान में कहा, भारत अपने दूसरे हमलावर परमाणु क्षमता के तहत परमाणु चालित बड़ी पनडुब्बियां भी बना रहा है। ये दो घटनाक्रम व्यापक पारंपरिक परमाणु और मिसाइल विकास कार्यक्रम को भारत अंजाम दे रहा है जोकि हिंद महासागर में परमाणु हथियारों को बढ़ाएगा।
उन्होंने सीनेट को बताया कि पाकिस्तान अपनी रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा। अजीज ने कहा कि भारत द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा तंत्र और परमाणु चालित पनडुब्बियों का विकास दक्षिण एशिया में सामरिक संतुलन को बिगाड़ेगा और हिंद महासागर के आसपास स्थित 32 देशों की समुद्री सुरक्षा पर असर पड़ेगा।