दिल्ली-एनसीआर, कोलकाता, रांची, पटना में भूकंप के तेज झटके
नई दिल्ली/रांची : बुधवार शाम को उत्तर भारत में फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। रांची, देहरादून, दिल्ली-एनसीआर, कोलकाता, पटना समेत देश के कई हिस्से तेज झटके में हिल गये। पड़ोसी मुल्क म्यामार में भूकंप का केंद्र बताया जा रहा है। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7 मापी गयी है। जमीन सतह से 134 किलोमीटर नीचे भूकंप का केन्द्र था। थोड़ी देर तक लगे झटकों से लोग सहमकर अपने घरों से बाहर निकल आये। रांची की सड़कों पर कई परिवार घर छोड़कर आ गये। समाचार लिखे जाने तक भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। यह झटके शाम 7:28 बजे के करीब महसूस किये गये। बिहार में भी झटके आये।
रोकी गई दिल्ली व कोलकाता मेट्रो
दिल्ली, एनसीआर, कोलकाता में कुछ सेकेंड्स के अंतराल पर भूकंप के झटके आये। इसके बाद दिल्ली एवं कोलकाता मेट्रो का परिचालन अस्थायी तौर पर रोक दिया गया था। थोड़ी देर के बाद इसे सामान्य कर दिया गया।
इसी महीने आया भूंकप का चौथा झटका
इसी महीने 10 अप्रैल की शाम पूरे उत्तर भारत समेत पाकिस्तान और अफगानिस्तान में तेज झटका आया था। आठ अप्रैल की शाम अफगानिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। हिंदुकुश क्षेत्र में आए इस भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.0 थी। उसका केंद्र धरती की सतह से 78 किलोमीटर गहरा था। इससे पहले भारत में इसी महीने 5 अप्रैल को देश के पूर्वी राज्यों के कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।