Home > Archived > हर-हर महादेव के मंत्रों से गूंजे शिवालय

हर-हर महादेव के मंत्रों से गूंजे शिवालय

मंदिरों में श्रद्धालुओं ने किया शिव का अभिषेक, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विवि ने निकाली शिव बारात

मुरैना। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर लाखों भक्तों ने शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना व आराधना की, शिव भक्ति के इस पर्व पर शिवालयों में हर-हर महादेव व ú नम: शिवाय के मंत्र गुंजायमान होते रहे। मंदिरों में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिव मंदिरों ने श्रद्धालुओं ने रात्रि के समय महारूद्राभिषेक कर रात्रि जागरण किया। प्रात:काल प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि से शिव बारात निकाली। भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर शिवलिंगों पर जल, दूध, दही, शहद, घी अर्पित कर अभिषेक किया तथा वेल पत्र, धतूरा, फल-फूल के साथ भोग का अर्पण किया। तथा भगवान भोलेनाथ से सुख-शांति, समृद्धि की कामना करते हुए मनौती मांगी।

शिवरात्रि पर शिवभक्तों की भीड़ दिनभर शिवालयों में उमड़ती देखी गयी। नगर के महादेव नाका, मारकण्डेश्वर मंदिर, संजय पार्क स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर, वनखण्डी महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों पर मंगलवार सुबह से भक्तों की भीड़ लगनी शुरू हुई जो देर शाम तक अनवरत रूप से जारी रही। नगर के साथ जिले की सभी तहसीलों पर महाशिवरात्रि का पर्व पूरे भक्तिभाव के साथ मनाया गया।

नगर में निकाली शिव बारात
महाशिवरात्रि पर प्रजापिता ब्रहकुमारी ईश्वरीय विवि के अनुयायियों द्वारा नगर में एक विशाल शिव बारात भी निकाली गई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई गुजरी, शिव बारात में भगवान शिव की कई आकर्षक झांकियां भी सजाई गयी थी।

कैलारस में शिवालयों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कैलारस में अलोपी शंकर पहाडिया सहित ग्राम गस्तौली एवं पचोखरा स्थित शिवालयों पर महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। अलोपी शंकर पहाडिय़ा पर विराजमान भोलेनाथ मंदिर पर श्रद्धालुओं द्वारा छप्पन भोग लगाकर फूल बंगला सजाया तथा रात्रि जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर के पुजारी पप्पू शर्मा द्वारा जलपान की व्यवस्था की। मंदिर पर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भण्डारा आयोजित किया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। अलोपी शंकर पहाडिया स्थित भगवान भोलेनाथ के मंदिर पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पुख्ता इंजामात किये। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुये पुलिस ने मंदिर में कतारबद्ध होकर लोगों को भगवान के दर्शन करने की व्यवस्था की। श्रद्धालुओं द्वारा लाइन लगाकर भगवान भोलेनाथ की जयकारे लगाते हुये दर्शन किए। इसी प्रकार गस्तौली में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग की पूजा-अर्चना की तथा पंचोखरा महादेव मंदिर पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किये।

बानमौर में भैरों भक्त मंडल ने निकाली शिव बारात
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भैरों भक्त मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा नगर में शिव बारात निकाली। शिव बारात श्रीरामजानकी मंदिर से भैरो मंदिर तक शिवजी की एक विशाल भव्य बारात निकाली गई तथा भैरो मंदिर को फूलों से सजाया गया। शिव बारात सोमवार की दोपहर 1 बजे भैरो मंदिर से प्रारंभ की गई जिसमें कार्यकर्ता भगवा वस्त्र धारण कर शिव बारात में शामिल हुए। बारात गंगाराम का पुरा, फूलगंज, बस स्टैण्ड, सिंधिया मार्केट, आदर्श कालोनी, फड का पुरा, स्टेशन रोड होते हुए भैरो मंदिर पर पहुंची। जहां भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर महाआरती कर प्रसाद वितरित किया। शिव बारात में भैरो मण्डल के उमेश शिवहरे, सत्येन्द्र सिंह, सन्टू जैन, कल्ली अर्गल, भजनलाल, मोनू शर्मा, जोली गुप्ता, रीतेश शिवहरे, जेपी शिवहरे, भगवान सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु काफी संख्या में शामिल हुए।

पोरसा में ॐ नम: शिवाय जाप से गूंजा शिवालय
पोरसा में तालाब के पास प्राचीन शिव मंदिर पर पं. रामदत्त मिश्रा आचार्य के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने चौबीस घंटे ॐ नम: शिवाय् महामंत्र का जाप रात्रि जागरण कर किया। इस बार महाशिवरात्रि पर्व नक्षत्र 44 वर्षों के बाद शिवरात्रि के दिन भोलेनाथ की पेजा अर्चना का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं ने चौबीस घंटे ॐ नम: शिवाय् महामंत्र का जाप प्रारंभ कर भगवान भोलेनाथ की बेल्व पत्र, फल-फूल अर्पण कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए चौबीस घंटे ॐ नम: शिवाय महामंत्र जाप किया जा रहा है।

Updated : 8 March 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top