परीक्षा देने जा रहे छात्रों की ट्रेक्टर के नीचे आने से मौत

हाथरस। अपने गांव से एक मोपेड पर सवार होकर लाढपुर स्थित परीक्षा केन्द्र पर इण्टर की परीक्षा देने आ रहे दलित समाज के 3 छात्रों को आलू से लदी एक ट्रेक्टर ट्राली ने बेरहमी से रौंद दिया जिससे 2 छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने हाथरस-जलेसर रोड पर जाम लगा दिया और जमकर हायतौबा भी की। मौके पर तमाम पुलिसबल व अधिकारी पहुंच गये थे।
बताते हैं थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नूरपुर निवासी दलित समाज के 3 छात्र हरेन्द्र पुत्र रामप्रकाश, हेमंत पुत्र कालीचरन व प्रवीन पुत्र रामबाबू गांव ऐंहन स्थित राधेलाल इण्टर कालेज में इण्टर के छात्र थे और उनका बोर्ड परीक्षाओं में सेंटर कस्बा लाढपुर स्थित श्री रघुनाथ इण्टर कालेज में पडा था तथा तीनों छात्र अन्य परीक्षाओं की तरह आज भी दोपहर एक मोपेड पर सवार होकर परीक्षा देने लाढपुर आ रहे थे।
जलेसर रोड स्थित गांव जाफराबाद के पास आलू से भरी एक ट्रेक्टर ट्राली के अज्ञात चालक ने तेजी व लापरवाही से उन्हें रौंद दिया जिससे 2 छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर से भारी हडकम्प मच गया और मौके पर जहां सैकडों ग्रामीणों की भीड लग गई वहीं सूचना पाकर सदर विधायक गेंदालाल चौधरी व पूर्व ब्लाक प्रमुख एवं वरिष्ठ बसपा नेता रामेश्वर उपाध्याय के अलावा सीओ प्रीति सिंह, सीओ सिकन्द्राराऊ डी.के. बालियान तथा कई थानों की फोर्स व एसडीएम सदर केहरी सिंह पहुंच गये।
उक्त हादसे में तीनों छात्र करीब 16-17 वर्ष के हैं और हादसे में छात्र हेमंत व प्रवीन की दर्दनाक मौत हो गई जबकि छात्र हरेन्द्र को गम्भीर हालत में उपचार हेतु बागला अस्पताल से अलीगढ भिजवाया गया है। मौके पर जाम लगा रहे लोगों को विधायक गेंदालाल चौधरी व वरिष्ठ बसपा नेता रामेश्वर उपाध्याय ने समझाया और परिवारों को आर्थिक सहायता दिलवाये जाने की मांग की।उक्त सम्बंध में वरिष्ठ बसपा नेता रामेश्वर उपाध्याय ने बताया कि प्रशासन से मांग की गई है कि हादसे के शिकार छात्रों के परिवारों को जमीन का आवंटन पर पट्टा दिया जाये, मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख मुआवजा, पारिवारिक लाभ योजना तथा ट्रेक्टर वाले से 2-2 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दिलायी जाये। मौके पर मौजूद एसडीएम सदर केहरी सिंह द्वारा कार्यवाही व मदद का भरोसा दिलाने पर ही ग्रामीण माने और जाम खुल सका।
घटना के सम्बंध में सीओ सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि मृतक दोनों छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है तथा घायल छात्र को उपचार हेतु भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रेक्टर ट्राली को पकड लिया गया है तथा घटना की रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
