Home > Archived > हड़ताल से सफाई व्यवस्था लडख़ड़ाई

हड़ताल से सफाई व्यवस्था लडख़ड़ाई

सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, सड़क व गली-मोहल्लों में लगे गंदगी के ढेर

शिवपुरी। अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों की आज चौथे दिन भी हड़ताल जारी रही। सफाई कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से शहर में गंदगी के ढेर लगना शुरू हो गए हैं। पिछले चार दिनों से सफाई न होने के कारण गली मोहल्लों सहित बाजारों में गंदगी के अम्बार लग गए हैं। नालियां साफ न होने के कारण वह चौक हो गई और गंदा पानी सड़कों पर फैंल रहा है। इतना कुछ होने के बाद भी प्रशासन और नपा मौन है। गंदगी बढ़ जाने से मक्खी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। जिससे बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है।

विदित हो कि वेतन बढ़ाने व पेंशन प्रकरण न बनने सहित अपनी प्रमुख 12 मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने 25 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी। जिससे नपा के 750 सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगें पूरी न होने के कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। ऐसी स्थिति शहर की साफ सफाई बंद हो गई। यहां तक कि नपा में सफाई कर्मी न होने के कारण नपा के अन्य कार्य भी प्रभावित हो गए हैं। हड़ताल के कल तीसरे दिन माधव चौक पर देर रात तक सफाई कर्मियों ने भजन मंडली द्वारा भजनों का कार्यक्रम आयोजित किया। जहां बड़ी संख्या में सफाई कर्मी डटे रहे। आज चौथे दिन भी हड़ताल जारी है।

वार्डों में जगह-जगह पड़ी है होली की राख
सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने से गंदगी तो बढ़ी ही है। वहीं शहर भर में होलिका दहन के बाद राख पड़ी हुई है। जिसे साफ तक नहीं किया गया है। ऐसी स्थिति में हवा चलने और वाहनों के गुजरने से राख उड़ कर लोगों के घर में जा रही है। वहीं राहगीर भी इससे काफी परेशान बने हुए हैं। वहीं सूअर गंदगी में लोट लगाकर होली की राख में बैठ रहे है। जिससे भी गंदगी फैल रही है।

Updated : 29 March 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top