Home > Archived > हर्षोल्लास पूर्ण माहौल में आज होगा होलिका दहन

हर्षोल्लास पूर्ण माहौल में आज होगा होलिका दहन

भक्त प्रहलाद के साथ होलिका की भव्य प्रतिमायें सजाने की लगी होड़

मथुरा। होली के पर्व पर बुधवार को होलिका पूजन के उपरांत होलिका दहन किये जायेंगे। शहर में जगह-जगह भव्य सजावट के साथ होलिका की प्रतिमायें स्थापित करने की होड़ लगी हुई है। बाजारों में त्यौहर को लेकर चहल-पहल बढ़ गयी है। समूचे ब्रज में होली का उन्माद छाया हुआ है।

पूरे माह फाल्गुन की बयार बहने के बाद गिले-शिकवे दूर करने वाला होली का पर्व बुधवार को परंपरागत ढंग से मनाया जायेगा। इस अवसर पर जगह-जगह होलिका पूजन के उपरांत हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में होलिका का दहन होगा। गली मौहल्लों में होली रखने के लिये जहां उत्साही युवक घर-घर से चंदा इक_ा करके कंडे, लकड़ी और होलिका की प्रतिमाओं की खरीददारी कर उन्हें सजाने संवारने में जुटे हुए हैं।

वहीं शहर के प्रमुख चौराहों व अन्य स्थानों पर होलिकोत्सव मनाने के लिये विभिन्न संगठनों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन स्थानों पर बाजारों को सजा संवारकर भक्त प्रहलाद को गोद में लिये होलिका की भव्य प्रतिमायें स्थापित करने की होड़ लग गई है। व्यस्ततम स्थानों को छोड़कर कुछ स्थानों पर प्रतिमायें मंगलवार को ही स्थापित कर दी गयीं। वहीं कई स्थानों पर प्रतिमायें बुधवार को लगाई जायेंगी।

इससे पूर्व दिन में मुहुर्त के अनुसार होलिका पूजन किये जायेंगे। होलिकोत्सव के कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ होलिका पूजन सम्पन्न कराये जायेंगे। तदोपरांत होलिका दहन किये जायेंगे। होली के त्यौहार को लेकर आज बाजारों में रौनक रही। रंग, गुलाल, पिचकारी की दुकानों पर जमकर खरीददारी की गयी। वहीं त्यौहार पर सेवन किये जाने वाले खाद्य पदार्थों की दुकानों पर भीड़ देखी गयी। खोआ की आढ़त पर खरीददारी का दौर रहा। होली को लेकर चहुंओर उन्माद छाया हुआ है। लोग व युवा होली मनाने के लिये भांग, ठंडाई छानने की व्यवस्था में जुटे दिखायी दिये। बच्चों की उत्सुकता तो देखते ही बनती है। बच्चे पीतल, लोहे व प्लास्टिक की पिचकारियों से राह चलते लोगों पर रंग डालकर खुशी से झूमते नजर आ रहे हैं। घर-घर महिलायें गूंजा, पापड़ आदि खाद्य पदार्थ बनाने में जुटी हुई हैं।

Updated : 23 March 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top