झांसी। रामजन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष व देश के प्रख्यात संत महंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज ने कहा कि सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर केन्द्र सरकार अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि पर भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण करवाए।
उन्होने कहा कि इस संबंध में संतों का एक प्रतिनिधि मंडल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शीघ्र भेंट करेगा।
झांसी से ग्वालियर जाने के पूर्व यहां कुंजबिहारी मंदिर पर एक संक्षिप्त भेंट में महंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज ने कहा कि जनता व संतों ने केन्द्र में राम भक्त सरकार बनाई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सत्तासीन होते ही देश की विभिन्न समस्याओं को सुलझा रहे हैं। उन्होने कहा कि संत व जनता जानती है कि राज्यसभा में भाजपा का बहुमत नहीं है। अन्यथा अभी तक भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया होता। उन्होने एक सवाल पर कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए तीन चौथाई शिलाएं तैयार हैं। उन्होने कहा कि विहिप के पूर्व अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व. अशोक सिंघरल ने अपने समय में शिलाओं के तरासने का काम बंद नहीं कराया। इस कारण मंदिर निर्माण की सामग्री तैयार है। अब केन्द्र सरकार सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर श्रीराम मंदिर निर्माण कराए।
एक अन्य सवाल पर उन्होने कहा कि यह सही है कि मामला कोर्ट में चल रहा है लेकिन कोर्ट भी जनता की आवाज जानती है। उन्होने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राम मंदिर अवश्य बनवाएंगें।
इस अवसर पर पूर्व विधायक बृजेन्द्र व्यास डमडम महाराज, ग्वालियर से पूर्व सांसद जयभान सिंह पवैया, विजय जी, रामसिंह जी, राजेश महाराज, रजनीश शर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर श्रीराम मंदिर बनवाए केन्द्र सरकार : महंत नृत्यगोपाल
Updated : 2016-02-03T05:30:00+05:30
Next Story
© 2017 - 2018 Copyright . All Rights reserved.
Designed by Hocalwire