आसमान में छाए रहे बादल

अधिकतम तापमान शीर्ष से लुढ़का

ग्वालियर। शनिवार को दिन भर आसमान में घने बादल छाए रहे। इन बादलों के कारण सुबह के समय बूंदा-बांदी भी हुई। इससे पहले शुक्रवार की रात्रि में भी करीब डेढ़ बजे आसमान से पानी की हल्की बौंछार पड़ी। आज आसमान में बादल छाए रहने के कारण दिन में एक-दो बार ही धूप निकली। वहीं अधिकतम तापमान शीर्ष से लुढ़ककर 29 डिग्री पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखने को मिली।


भोपाल मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आगामी 24 घण्टे के दौरान गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है। भोपाल मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान में बने सर्कुलेशन के कारण ग्वालियर अंचल में मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि इस प्रकार की मामूली बारिश फसलों के लिए नुकसानदायक नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार से मौसम एक बार फिर से साफ हो जाएगा। खास बात यह रही कि आज घने बादल छाए रहने और तापमान में मामूली गिरावट के बाद भी हल्की गर्मी महससू की गई और गर्मी से बचने के लिए लोगों को पंखे चलाना पड़े।


न्यूनतम पारा औसत से 9.3 डिग्री अधिक

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार आज अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री पर रहा, जो औसत से 9.3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि सुबह की आद्र्रता 85 प्रतिशत दर्ज की गई, जो शाम को घटकर 66 प्रतिशत ही रह गई। इस दौरान हवाओं की गति शांत रही।

शहर में माहू का प्रकोप

सरसों की कटाई शुरू हो चुकी है। इस कारण सरसों पर बैठने वाली माहू उड़कर शहर में आ रही है। माहू की संख्या अधिक होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को शहर में वाहन चलाना बेहद मुश्किल हो रहा है क्योंकि हवा में झुण्ड के रूप में उड़ रही माहू आंखों में घुस जाती है, जिससे आंखों में तेज जलन होती है। इससे कई बार वाहन चलाते समय दुर्घटना जैसी स्थिति तक निर्मित हो जाती है।

Next Story