Home > Archived > जंगी जहाजों के बेड़े की ताक़त का जायजा लेंगे राष्ट्रपति

जंगी जहाजों के बेड़े की ताक़त का जायजा लेंगे राष्ट्रपति

जंगी जहाजों के बेड़े की ताक़त का जायजा लेंगे राष्ट्रपति
X

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के पास मौजूद जंगी जहाजों की समीक्षा के लिए आयोजित किया जाने वाला समारोह आगामी चार फरवरी से आंध्रप्रदेश स्थित विशाखापत्तनम में शुरू हो रहा है I अबकी बार समीक्षा समारोह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है I हर चार साल बाद होने वाले आयोजन में सशस्त्र सेना के प्रधान सेनापति राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी नौसेना की ताकत और क्षमता का जायजा लेंगे I समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, तीनों सेनाओं के प्रमुखों मौजूद रहेंगे I
आंध्र प्रदेश के तटीय नगर विशाखापत्तनम में आगामी चार फरवरी से आठ फरवरी के बीच अंतरराष्ट्रीय बेडा समीक्षा का आयोजन किया जा रहा है I बंगाल की खाड़ी में आयोजित होने वाले समारोह के लिए नौसेना के जंगी जहाज गत 27 जनवरी से लगातार अभ्यास कर रहे हैंI समारोह की शुरुआत आगामी 4 फरवरी को विशाखापत्तनम के आरके बीच पर 1971 के युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की याद में बने युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी I आधिकारिक रूप से समारोह 5 फरवरी से शुरू होगा और 6 फरवरी को राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी जंगी जहाजों के बेड़े की समीक्षा करेंगे I इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, तीनों सेनाओं के प्रमुखों सहित कई अन्य गणमान्य लोग हिस्सा लेंगे I
जंगी बेड़े की समीक्षा एक परंपरागत व्यवस्था है I 15वीं सदी से शुरू हुई इस व्यवस्था में देश का प्रमुख अपनी-अपनी नौसेना की ताकत और क्षमता का जायजा लेता है I भारत में नौसेना की समीक्षा के लिए पहली बार 1953 में बेडा समीक्षा समारोह का आयोजन किया गया था। यह समारोह हर चार साल में एक बार आयोजित किया जाता हैं I अपने कार्यकाल के दौरान राष्ट्रपति एक बार जंगी जहाजों के बेड़े की समीक्षा करते हैंI आज़ादी के बाद से लेकर अब तक सशस्त्र सेनाओं के सुप्रीम कमांडर राष्ट्रपति, दस बार जंगी जहाजों के बेड़े की समीक्षा कर चुके हैं I समीक्षा का मकसद देश पर ख़तरों से निपटने के लिए नौसेना की तैयारी, अनुशासन और ताकत को परखना है। समारोह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित करने की शुरूआत 2001 से हुई थी और मुंबई तट पर पहली बार अंतरराष्ट्रीय बेडा समीक्षा में 29 देशों की नौसेना अपने-अपने जंगी जहाजों के साथ शामिल हुए थे I 15 साल बाद अब यह दूसरा मौका है, जब बेडा समीक्षा का आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा है I अबकी बार चीन सहित लगभग पचास देशों की नौसेना भी समारोह में हिस्सा ले रही है, लेकिन पाकिस्तान हिस्सा नहीं ले रहा है।
4 फरवरी से शुरू हो रहे बेडा समीक्षा समारोह में लगभग 50 देशों के नौसैनिक अपनी-अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे I बंगाल की खाड़ी में भारत सहित दुनियाभर के 75 युद्धपोत, पनडुब्बी और विमानों की होने वाली शानदार परेड की सलामी राष्ट्रपति मुखर्जी लेंगे I साथ ही नौसेना, मर्चेंट नेवी और तटरक्षक बल की ताकत का जायजा लेंगे I समारोह के दौरान समुद्र में एक युद्धाभ्यास का आयोजन भी किया जायेगा I 8 फरवरी तक चलने वाले समारोह में कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनमें सेमिनार, चित्र प्रदर्शनी, नौसेना के बैंडों का प्रदर्शन शामिल हैI

Updated : 2 Feb 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top