Home > Archived > दिन में धूप ने ठंड से दिलायी निजात

दिन में धूप ने ठंड से दिलायी निजात

मथुरा। मौसम के बदले मिजाज से लोगों को परेशानी में डाल दिया। कोहरे व सर्दभरी हवाओं ने गलन व ठंड को और भी बढ़ा दिया है।

गुरूवार को प्रात: लगभग नौ बजे सूर्य देवता के निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि इसमें तेजी नहीं थी। गलन ने लोगों की दिक्कतें बढ़ाईं। अभी सप्ताह भर मौसम में परिवर्तन के आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में भी सुबह व रात में कोहरा छाया रहेगा। हालांकि आगामी दस दिसंबर से बादल भी छाने के आसार हैं। बीती मंगलवार-बुधवार की शाम से ही पूरा वातावरण कोहरे की चादर में लिपट गया। रात में कोहरा इतनी बढ़ा कि राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया। गाडिय़ों के आवागमन की गति धीमी हो गई।

सुबह हल्की धुंध का नजारा रहा। साथ ही लोग गलन से ठिठुरते रहे। गुरुवार को धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिली पर गलन बरकरार रही। मौसम विभाग के अनुसार ठंड से राहत नहीं मिलेगी। पिछले दिनों की तुलना में दिन के अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी भी हुई। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण ही ठंड में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गुरूवार को अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक अधिकतम आद्र्रता 95 व न्यूनतम 65 फीसदी रही।

Updated : 9 Dec 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top