Home > Archived > दस मंत्रियों को घेरने कांग्रेस ने लगाए चालीस विधायक

दस मंत्रियों को घेरने कांग्रेस ने लगाए चालीस विधायक

भोपाल। शहडोल लोकसभा उपचुनाव सीट को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने कमर कस ली है। जीत को लेकर वैसे तो दोनों ही पार्टियां कई माह से जोर-आजमाइश कर रही हैं पर, भाजपा के लिए यह सीट बचाने की बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में पार्टी ने अपने दो मंत्रियों को तैनात किया हुआ है। इसके जवाब में कांग्रेस भी खूब पत्ते फेंट रही है। उसके लगभग तीन दर्जन से भी ज्यादा विधायक दिन-रात पहरा दे रहे हैं। बताया जाता है कि ये विधायक चुनाव के दौरान मंत्रियों को घेरने में लगाए गए हैं।हालांकि कांग्रेस संगठन ने चुनाव के पहले ही यहां प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक-एक विधायक की तैनाती कर दी थी। लेकिन मंत्रियों की तैनाती के बाद कांग्रेस ने रणनीति में बदलाव लाते हुए मंत्रियों को घेरने की योजना बनाई है।


आठ विधानसभा क्षेत्र वाले इस संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस का एक मात्र विधायक है जबकि सात पर भाजपा का कब्जा है। उपचुनाव में भाजपा पहले अपने सात विधायकों के बल पर फिर से चुनाव जीतना चाहती है। तभी भाजपा ने अबकी बार मंत्रियों को तैनात किया है। इनमें से आठ मंत्रियों को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जो बीते लगभग दो माह से क्षेत्रों में सतत दौरे कर लोगों की समस्याओं के निराकरण कर रहे है। इधर कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति मेें बदलाव क र अपने कुछ और विधायकों को शहडोल उपचुनाव में तैनात कर दिया। ये सभी विधायक अपने समर्थकों के साथ हर बूथ केन्द्र के घर-घर तक वोट मांग रहे हैं। बताया गया है कि विधायक ओमकार सिंह मरकाम को मानपुर, विधायक रामपाल सिंह को जयसिंहनगर , जैतपुर में नीलेश अवस्थी, कोतमा में मनोज अग्रवाल, अनुपपुर में रजनीश सिंह को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि इनके साथ तीन-तीन अन्य विधायकों को भी लगाया गया है। राजेन्द्र कुमार सिंह और अजय सिंह को सयुक्त रूप से पूरे चुनाव के संचालन की जिम्मेदारी दी गई है।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने इस काम में विधानसभा उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार सिंह पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह,नागौद विधायक यादवेन्द्र सिंह, सिहावल विधायक कमलेश्वर पटेल, बहोरीबंद विधायक कुंवर सौरभ सिंह, व्यौहारी विधायक रामपाल सिंह, डिण्डोरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को, केवलारी विधायक रजनीश हरवंश सिंह, पाटन विधायक नीलेश अवस्थी, जबलपुर पश्चिम विधायक तरूण भनोत और विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना, देवरी विधायक हर्ष यादव, राजनगर विधायक कुंवर विक्रम सिंह वरिष्ठ विधायक मुकेश नायक चित्रकूट विधायक प्रेम सिंह सहित डेढ़ दर्जन अन्य विधायकों को भी यहां भेजा गया है।

Updated : 8 Nov 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top